पीएमश्री एयर एंबुलेंस सेवा की सीमित पहुंच पर सवाल

भोपाल। मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जीतू पटवारी ने पीएमश्री एयर एंबुलेंस सेवा के क्रियान्वयन पर सवाल उठाते हुए सरकार से योजना की वित्तीय और प्रशासनिक जानकारी सार्वजनिक करने की मांग की है। उन्होंने आरोप लगाया कि मई 2024 में शुरू हुई इस सेवा पर करीब 35 करोड़ रुपये खर्च किए जाने के बावजूद प्रदेश के 30 जिलों के मरीजों को इसका लाभ नहीं मिल पाया है।

पटवारी ने कहा कि योजना का उद्देश्य दुर्घटना पीड़ितों, गंभीर रूप से बीमार मरीजों और ऐसे जरूरतमंदों को एयर एंबुलेंस के माध्यम से उन्नत चिकित्सा संस्थानों तक तत्काल पहुंचाना था। इसके बावजूद बड़ी संख्या में जिलों के लोग इस सुविधा से वंचित हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि जब सरकार निर्धारित परिचालन अवधि के लिए भुगतान कर रही है, तो सेवा का वास्तविक उपयोग इतना सीमित क्यों है।

पटवारी के अनुसार, मीडिया रिपोर्टों में दो वर्षों में केवल 159 मरीजों द्वारा सेवा का लाभ लेने की जानकारी सामने आई है। इनमें अकेले रीवा जिले के 56 मरीज बताए गए हैं। उन्होंने सेवा की समान पहुंच और प्रचार-प्रसार पर भी सवाल उठाए।

कांग्रेस नेता ने कुल खर्च, भुगतान किए गए परिचालन घंटों, वास्तविक उपयोग, सेवा संचालित करने वाली एजेंसी और भुगतान की शर्तों का ब्योरा मांगा। उन्होंने यह भी पूछा कि कितने मरीजों को सेवा नहीं मिल सकी और इसके पीछे क्या कारण रहे।

पटवारी ने कहा कि सरकार को योजना का स्वतंत्र मूल्यांकन कराना चाहिए। उन्होंने कहा, “लोगों को स्वास्थ्य सुविधा चाहिए, प्रचार नहीं।”

Next Post

राहुल के सवाल पर रिजिजू बोले-'महिला आरक्षण लागू करने के लिए परिसीमन जरूरी'

Sat Aug 8 , 2026
नयी दिल्ली, 08 अगस्त (वार्ता) संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी के महिला आरक्षण को बिना शर्त लागू करने के सवाल पर कहा कि 2023 में पारित ‘नारी शक्ति वंदन अधिनियम’ के तहत आरक्षण लागू करने के लिए जनगणना के बाद परिसीमन की प्रक्रिया आवश्यक है […]

You May Like