सतना :जिले में पिछले 48 घंटे से लगातार हो रही तेज वर्षा के कारण चित्रकूट क्षेत्र में मंदाकिनी नदी का जलस्तर बढ़ने से चित्रकूट शहर के विभिन्न हिस्सों में बाढ़ एवं जलभराव की स्थिति निर्मित हुई है। स्थिति को देखते हुए कलेक्टर सतना डॉ. सतीश कुमार एस द्वारा तत्काल राहत एवं बचाव कार्य तेज किए गए हैं। क्यूआरटी रेस्क्यू टीम, एसडीआरएफ एवं होमगार्ड की संयुक्त टीमों ने मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू ऑपरेशन संचालित किया तथा जलभराव एवं बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों से लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला। रेस्क्यू टीमों द्वारा मोटर बोट की सहायता से प्रभावित क्षेत्रों में पहुंचकर आवश्यकतानुसार लोगों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाया गया। साथ ही स्थिति पर लगातार निगरानी रखते हुए आवश्यक राहत एवं बचाव कार्य संपन्न कराए जा रहे हैं। प्रशासन द्वारा नदी एवं जलभराव वाले क्षेत्रों में लोगों से विशेष सावधानी बरतने तथा अनावश्यक रूप से पानी वाले क्षेत्रों में नहीं जाने की अपील की गई है। बाढ़ एवं अतिवृष्टि की स्थिति को देखते हुए जिला सतना में एसडीआरएफ एवं होमगार्ड की रेस्क्यू टीमों को मोटर बोट सहित विभिन्न स्थानों पर तैनात किया गया है।
होमगार्ड की क्यूआरटी रेस्क्यू टीम मोटर बोट सहित चित्रकूट में तैनात है। टीम द्वारा बाढ़ एवं जलभराव की स्थिति पर सतत निगरानी रखते हुए आवश्यकता अनुसार रेस्क्यू कार्य किया जा रहा है। क्यूआरटी, एसडीआरएफ एवं होमगार्ड संयुक्त रेस्क्यू टीम की कंपनी कमांडर श्री पुष्पेंद्र पांडे के नेतृत्व में एसडीआरएफ एवं होमगार्ड की संयुक्त क्यूआरटी रेस्क्यू टीम मोटर बोट सहित चित्रकूट में तैनात है। टीम द्वारा प्रभावित क्षेत्रों में पहुंचकर लोगों को सुरक्षित निकालने तथा आवश्यक राहत एवं बचाव कार्य किए जा रहे हैं। क्यूआरटी एसडीआरएफ एवं होमगार्ड संयुक्त रेस्क्यू टीम कंपनी कमांडर श्री अमित पटेल के नेतृत्व में एसडीआरएफ एवं होमगार्ड की संयुक्त क्यूआरटी रेस्क्यू टीम मोटर बोट सहित जिला सतना में तैनात है।
आवश्यकता पड़ने पर टीम को प्रभावित क्षेत्रों में तत्काल रेस्क्यू एवं राहत कार्य के लिए भेजा जाएगा। एसडीआरएफ जबलपुर की टीम बाढ़ एवं अतिवृष्टि की स्थिति को देखते हुए जबलपुर से एसडीआरएफ की पांच सदस्यीय टीम सतना के लिए रवाना की गई है। टीम के सतना पहुंचने के बाद आवश्यकता एवं परिस्थितियों के अनुसार प्रभावित क्षेत्रों में तैनाती की जाएगी। जिला प्रशासन द्वारा लगातार वर्षा और बढ़ते जलस्तर को देखते हुए बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। रेस्क्यू टीमों को आवश्यक संसाधनों एवं मोटर बोट के साथ तैयार रखा गया है, ताकि किसी भी आपात स्थिति में प्रभावित लोगों को तत्काल सहायता उपलब्ध कराई जा सके। प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि नदी, नाले एवं अन्य जलभराव वाले क्षेत्रों के समीप न जाएं, तेज बहाव वाले पानी को पार करने का प्रयास न करें तथा किसी भी आपात स्थिति में तत्काल प्रशासन एवं रेस्क्यू दल को सूचना दें। जिला प्रशासन द्वारा परिस्थितियों के अनुसार राहत एवं बचाव कार्य लगातार जारी रखा जाएगा।
