सतना : मैहर जिले में जारी बारिश के क्रम की वजह से एक ओर जहां नदी नाले उफान पर हैं वहीं दूसरी ओर कई मार्गों का संपर्क कट गया है. हलांकि मामले की गंभीरता को देख्रते हुए प्रशासन और पुलिस द्वारा ऐसे कई मार्गों की निगरानी की जा रही है, जहां पानी सडक़ से ऊपर बह रहा है. लेकिन इसके बावजूद कुछ ऐसे लोग भी हैं जो बह रहे पानी के बावजूद वाहन ले जाकर लोगों की जान जोखिम में डालने से बाज नहीं आ रहे हैं.मैहर जिले में गुरुवार को एक बड़ी दुर्घटना होते- होते टल गई. मैहर जिले में जारी बारिश के क्रम की वजह से अन्य नदी नालों के साथ-साथ बीहर नदी का जल स्तर भी काफी बढ़ गया है. इसी कड़ी में बिधुई पुल के ऊपर से बीहर नदी का पानी बह रहा था.
जिसके चलते उक्त मार्ग पर वाहनों की आवाजाही तकरीबन बंद हो गई थी. लेकिन गुरुवार की सुबह एक यात्री बस उक्त मार्ग पर पहुंच गई. बस में खासे यात्री सवार थे. बस को आता देख स्थानीय लोगोगं से चालक को बताया कि रपटे के ऊपर से पानी बह रहा है. लिहाजा इस मार्ग से बस को ले जाना खतरनाक होगा. जिसे सुनकर यात्रियों ने भी चालक को वापस लौटने के लिए कहा. लेकिन इसके बावजूद भी चालक ने सभी की सलाह को अनसुना करते हुए बस को रपटे पर उतार दिया. जैसे ही बस रपटे के बीच में पहुंची तो उसका एक तिहाई हिस्सा पानी में डूब गया और बस अचानक बंद हो गई. यह देख बस में सवार यात्रियों के बीच चीख पुकार मच गई. आनन-फानन में स्थानीय लोगों द्वारा ताला थाना पुलिस को सूचना दी गई. मौके पर पहुंची पुलिस ने तुरंत रेस्क्यू शुरु करते हुए ट्रैक्टर मंगाया. जिसके बाद ग्रामीणों की मदद से ट्रैक्टर के जरिए बस को खींचा जाने लगा. कड़ी मशक्कत करते हुए रपटे में फंसी बस को किसी तरह खींचकर बाहर निकाल लिया गया. बाहर निकलने पर यात्रियों की जान में आ पाई.
गैर इरादतन हत्या का मामला
हलांकि बस को बाहर निकालने और यात्रियों का सुरक्षित रेस्क्यू करने के बाद ताला थाना प्रभारी द्वारा बच चालक को खासी फटकार लगाई गई थी. लेकिन यह मामला जैसे ही पुलिस अधीक्षक मैहर अवधेश प्रताप सिंह के संज्ञान में आया उन्होंने फौरन जानकारी तलब की. एसपी ने इस घटना को बेहद गंभीर और खतरनाक बताते हुए कहा कि चालक ने जानबूझकर बहते पानी में बस उतारकर यात्रियों की जान जोखिम में डाली. एसपी के निर्देश पर ताला थाना पुलिस ने बस चालक के विरुद्ध धारा 102 बीएमएस के अंतर्गत गैर इरादतन हत्या का प्रकरण दर्ज कर कार्रवाई शुरु कर दी गई.
