भारतीय छात्रों के दस्तावेज़ सत्यापन के लिए डिजिलॉकर का आस्ट्रेलियायी एजेंसी के साथ सहयोग समझौता

नयी दिल्ली, 8 अगस्त (वार्ता) इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय के अंर्तगत राष्ट्रीय ई-गवर्नेंस डिवीजन (एनईजीडी) ने भारत में ऑस्ट्रेलियाई शिक्षा प्रतिनिधियों के संघ (एएईआरआई) के साथ मिल कर ‘एएईआरआई-सत्यापन’ डिजिटल मंच की शुरुआत की है। मंत्रालय की शनिवार को जारी एक विज्ञप्ति के अनुसार भारत के – डिजिलॉकर मंच के साथ सीधे एकीकृत यह एएईआरआई-सत्यापन प्लेटफॉर्म ऑस्ट्रेलियाई विश्वविद्यालयों में आवेदन करने वाले छात्रों के लिए शैक्षणिक, पहचान और वित्तीय दस्तावेजों के सुरक्षित, कागज-रहित और सहमति-आधारित सत्यापन को सक्षम करेगा। इस प्लेटफॉर्म का शुभारंभ शुक्रवार को राजधानी में आयोजित एएईआरआई के वार्षिक सम्मेलन के दौरान किया गया ।

विज्ञप्ति में कहा गया है कि ‘ एएईआरआई सत्यापन ‘ एक स्रोत-सत्यापित प्रमाणीकरण प्लेटफॉर्म है जिसे ऑस्ट्रेलियाई उच्च शिक्षा संस्थानों के लिए छात्र प्रमाण पत्र जांच को सुव्यवस्थित करने के लिए डिज़ाइन किया गया है। इससे प्रक्रिया तेज होगी। इसके अंतर्गत सत्यापन प्रक्रिया को दो रणनीतिक चरणों में विभाजित किया गया है।पहले चरण में छात्र सत्यापन – विश्वविद्यालय में आवेदन प्रक्रिया शुरू होने से पहले सुचारू रूप से संपन्न किया जाता है। दूसरे चरण में प्रायोजक जांच की प्रक्रिया वित्तीय प्रामाणिकता को सत्यापित करने के लिए विद्यार्थी को प्रवेश प्रस्ताव प्राप्त जारी किये जाने के तुरंत बाद शुरू की जाती है।

छात्र की स्पष्ट सहमति से, डिजिलॉकर ऑस्ट्रेलियाई विश्वविद्यालयों को मूल जारीकर्ता अधिकारियों से डिजिटल रूप से हस्ताक्षरित रिकॉर्ड तक सीधी पहुंच प्रदान करेगा। इससे धोखाधड़ी का खतरा समाप्त हो जाता है, डेटा की पूर्ण गोपनीयता सुनिश्चित होती है और आवेदन प्रक्रिया में लगने वाला समय काफी कम हो जाता है। राष्ट्रीय ई-गवर्नेंस डिवीजन के निदेशक जेएल गुप्ता ने कहा, “यह सहयोग दर्शाता है कि भारत का डिजिटल सार्वजनिक अवसंरचना (डीपीआई) किस प्रकार वास्तविक वैश्विक चुनौतियों का समाधान कर रहा है।

डिजिलॉकर को एएईआरआई वेरिफाई के साथ एकीकृत करके, हम एक सुरक्षित, कागज रहित और विश्वसनीय ढांचा प्रदान कर रहे हैं जो हमारे छात्रों के लिए संपूर्ण अंतरराष्ट्रीय प्रवेश प्रक्रिया को सरल बनाता है।” डिजिटल इंडिया कार्यक्रम के अंर्तगत विकसित डिजिलॉकर वर्तमान में 72 करोड़ से अधिक पंजीकृत उपयोगकर्ताओं को सेवा प्रदान करता है और अधिकृत संस्थानों द्वारा जारी किए गए डिजिटल रूप से हस्ताक्षरित दस्तावेजों के सुरक्षित जारी करने, भंडारण, साझाकरण और वास्तविक समय सत्यापन को सक्षम बनाता है। यह साझेदारी भारत की घरेलू डिजिटल सफलता को वैश्विक शिक्षा ईको-सिस्टम में विस्तारित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

.....

Next Post

एसपी ने पुलिस अधिकारी-कर्मचारियों के किए फेरबदल, चौकी प्रभारी बनवार नागेंद्र सिंह व फतेहपुर चौकी प्रभारी यथावत

Sat Aug 8 , 2026
दमोह। पुलिस अधीक्षक आनंद कलादगि (भापुसे) ने गुरुवार को कुछ पुलिस अधिकारी और कर्मियों के फेरबदल कर उन्हें नई पदस्थापना दी है। इस तबादला सूची में सब इंस्पेक्टर, एएसआई, प्रधान आरक्षक और आरक्षकों की नई पद-स्थापना दी है। साथ ही कुछ का यथावत स्थानांतरण भी किया गया। प्राप्त जानकारी के […]

You May Like