इंदौर: गुजरात के एक व्यापारी को डिस्ट्रीब्यूटरशिप देने का झांसा देकर 1 करोड़ की धोखाधड़ी करने के मामले में इंदौर क्राइम ब्रांच ने बड़ी कार्रवाई की है। मेसर्स आई.एच.एल. मेडिकेयर और इन्फुटेक हेल्थकेयर के डायरेक्टरों ने रकम ऐंठने के बाद न तो माल दिया और न ही मूल राशि लौटाई। शिकायत की जांच के बाद पुलिस ने मुख्य डायरेक्टर और उनके सहयोगी के खिलाफ अमानत में खयानत व धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर लिया है।
क्राइम ब्रांच डीसीपी राजेश त्रिपाठी के अनुसार, झालोद दाहोद, गुजरात निवासी कमलेश अग्रवाल ने शिकायत दर्ज कराई थी कि कंपनी के डायरेक्टरों ने गुजरात क्षेत्र की डीलरशिप देने का झांसा देकर उनसे कुल 1 करोड़ जमा कराए थे। शुरुआत में कुछ मार्जिन मनी देने के बाद आरोपियों ने व्यापार बंद कर दिया और पैसे मांगने पर गाली-गलौज व जान से मारने की धमकियां देने लगे। बैंक स्टेटमेंट और कानूनी राय के बाद क्राइम ब्रांच ने आरोपी मनोहरलाल गुप्ता पिता उमाशंकर गुप्ता(74 वर्ष) और उनके सहयोगी आदित्य गुप्ता के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।मामले में मनोहर लाल गुप्ता को हिरासत में भी ले लिया गया है।
