
इंदौर: कावड़ यात्रा की पेट्रोलिंग कर रहे राऊ और राजेंद्र नगर थाने के पुलिस जवानों की सतर्कता से बाइक से गिरकर बेहोश हुए एक छात्र की जान बच गई. जवानों ने मौके पर पहुंचकर छात्र को सीपीआर दिया और समय रहते अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका उपचार शुरू किया.दो छात्र बाइक से अपने घर लौट रहे थे, इसी दौरान पीछे बैठा छात्र अचानक चलती बाइक से नीचे गिर गया और बेहोश हो गया था. घटना के समय क्षेत्र में पेट्रोलिंग कर रहे राऊ थाने के प्रधान आरक्षक बलराम चौहान और राजेंद्र नगर थाने के राहुल बोर्डिया व विवेक प्रजापति की नजर छात्र पर पड़ी. जवानों ने तत्काल मौके पर पहुंचकर छात्र की स्थिति संभाली. प्रधान आरक्षक बलराम चौहान और राहुल बोर्डिया ने छात्र को प्राथमिक उपचार देते हुए सीपीआर देना शुरू किया. कुछ देर बाद छात्र की स्थिति संभली तो पुलिसकर्मियों ने ऑटो रिक्शा की व्यवस्था कर उसे तत्काल नजदीकी अस्पताल पहुंचाया. डॉक्टरों ने समय पर इलाज मिलने से छात्र की हालत में सुधार बताया
