सिरोंज। आवासीय पट्टे प्रदान करने और कई महीनों से लंबित सामाजिक सुरक्षा पेंशन का भुगतान कराने की मांग को लेकर सोमवार को शहर के विभिन्न वार्डों की दर्जनों महिलाएं एसडीएम कार्यालय पहुंचीं. उन्होंने अनुविभागीय अधिकारी को ज्ञापन सौंपकर समस्याओं का शीघ्र समाधान करने की मांग की. महिलाओं ने बताया कि वह पिछले कई वर्षों से अयोध्या बस्ती क्षेत्र में निवास कर रही हैं, लेकिन आज तक उन्हें आवासीय पट्टे नहीं मिल सके हैं. उन्होंने बताया कि बारिश का मौसम शुरू होने से उनकी समस्याएं और बढ़ गई हैं, कई परिवार कच्चे और जर्जर मकानों में रहने को मजबूर हैं. तेज बारिश के दौरान घरों में पानी भर जाता है, जिससे घरेलू सामान खराब हो जाता है. साथ ही कच्चे मकानों की दीवारें गिरने का खतरा भी बना रहता है. उन्होंने कहा कि आवासीय पट्टे नहीं होने के कारण उनको प्रधानमंत्री आवास योजना सहित अन्य शासकीय योजनाओं का लाभ नहीं मिल पा रहा हैं. वहीं कई महिलाओं ने बताया कि उन्हें पिछले कई महीनों से सामाजिक सुरक्षा पेंशन भी नहीं मिली है, जिससे आर्थिक संकट का सामना करना पड़ रहा है.
