
इंदौर. गंभीर अपराधों में शामिल और लंबे समय से फरार चल रहे आदतन अपराधी पूर्व पार्षद अनवर कादरी उर्फ डकैत को सदर बाजार पुलिस ने गिरफ्तार किया है. आरोपी के खिलाफ इंदौर शहर के विभिन्न थानों में हत्या, हत्या के प्रयास, लूट, बलवा, अवैध हथियार और मारपीट सहित 27 से अधिक आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं.
ज्ञात हो कि फरवरी 2025 में आरोपी अनवर कादरी ने फरियादी जावेद खान के घर में लाइसेंसी बंदूक लेकर जबरन घूसा था. इस दौरान उसने मारपीट और धमकी दी थी. जांच में सामने आया कि आरोपी ने जम्मू कश्मीर के कठुआ जिले से जारी फर्जी शस्त्र लाइसेंस के आधार पर हथियार हासिल किया था. इस मामले में सदर बाजार थाने में आर्म्स एक्ट सहित धोखाधड़ी और कूटरचित दस्तावेज तैयार करने की धाराओं में प्रकरण दर्ज किया था. घटना के बाद से आरोपी फरार चल रहा था, जिसे पुलिस ने 6 अगस्त को गिरफ्तार कर लिया.
आरोपी के खिलाफ शहर के अलग अलग थानों में 27 से अधिक गंभीर अपराध दर्ज हैं. बाणगंगा थाने में दर्ज दो मामलों में भी वह लंबे समय से फरार था. उसकी आपराधिक गतिविधियों को देखते हुए उसके खिलाफ एनएसए के तहत भी कार्रवाई की जा चुकी है.
इनका कहना है…..
अनवर कादरी के आपराधिक रिकॉर्ड को देखते हुए उसकी गिरफ्तारी की गई है. अवैध हथियार और फर्जी दस्तावेजों से जुड़े मामलों में भी पुलिस सख्ती से कार्रवाई कर रही है.
एसीपी जोन 1, अशोक सिंह जादौन
