भुवनेश्वर, 09 जून (वार्ता) ओडिशा-छत्तीसगढ़ सीमा पर माओवादी विरोधी अभियान के तहत सुरक्षा बलों ने मलकानगिरी जिले में वन क्षेत्रों ने कथित तौर पर भारी मात्रा में हथियार, गोला बारुद और विस्फोटक सामग्री जब्त की है।
ओडिशा पुलिस मुख्यालय की ओर से मंगलवार को जारी विज्ञप्ति के अनुसार यह बरामदगी मथिली पुलिस स्टेशन के अधिकार क्षेत्र के तहत किर्मिटी और कटुआपदर के जंगली इलाकों में जिला स्वैच्छिक बल (डीवीएफ) और सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के कर्मियों द्वारा किए गए संयुक्त तलाशी अभियान के दौरान की गई थी।
विज्ञप्ति के अनुसार यह अभियान आत्मसमर्पण करने वाले माओवादियों द्वारा प्रदान की गई खुफिया जानकारी के आधार पर शुरू किया गया था, जिससे सुरक्षा बलों को क्षेत्र में छिपे हुए माओवादियों के ठिकाने का पता चला।
विज्ञप्ति में कहा गया है कि प्रारंभिक जांच से संकेत मिलता है कि जब्त किए गए हथियार और विस्फोटक आंध्र-ओडिशा बॉर्डर स्पेशल जोनल कमेटी (एओबीएसजेडसी) के तहत सक्रिय माओवादी कैडरों से जुड़े थे। पुलिस अधिकारियों को संदेह है कि हथियार और विस्फोटक सामग्री का उपयोग क्षेत्र में नागरिकों के साथ-साथ सुरक्षा कर्मियों को निशाना बनाने वाले हमलों और अन्य विध्वंसक गतिविधियों में किया जाना था।
बरामद सामग्रियों का पता लगाने और उनके भंडारण और परिवहन में शामिल लोगों की पहचान करने के लिए एक जांच शुरू की गई है।
सुरक्षा बलों ने कहा कि चरमपंथी गतिविधियों को खत्म करने और ओडिशा को माओवादी प्रभाव से मुक्त करने के निरंतर प्रयासों के तहत आने वाले दिनों में माओवाद विरोधी अभियान नई तीव्रता के साथ जारी रहेगा।
