बैतूल। पुलिस ने तीन महीने पहले हुई लाखों रुपये की नकबजनी का खुलासा करते हुए दो शातिर बदमाशों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से सोने-चांदी के आभूषण, नकदी सहित करीब 20 लाख रुपये का चोरी का माल बरामद किया है। दोनों आरोपियों पर प्रदेश के अलग-अलग थानों में चोरी, लूट, डकैती और नकबजनी के कुल 20 गंभीर मामले दर्ज हैं।
यह वारदात 25 मई 2026 को आमला थाना क्षेत्र के बोडखी गांव में हुई थी। चोरों ने एक सेवानिवृत्त सेना जवान के सूने मकान को निशाना बनाते हुए 5 लाख रुपये नकद और सोने-चांदी के जेवर चोरी कर लिए थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने फोरेंसिक टीम की मदद से साक्ष्य जुटाए और लगातार तीन महीने तक जांच व सर्चिंग अभियान चलाया।
जांच के दौरान पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया। पूछताछ में उन्होंने चोरी की वारदात कबूल कर ली। पुलिस के अनुसार, आरोपी जितेंद्र विश्वकर्मा पर 11 और सुरेंद्र ठाकुर पर 9 आपराधिक मामले दर्ज हैं। दोनों की दोस्ती एक हिस्ट्रीशीटर अपराधी ने कराई थी, जो फिलहाल बैतूल जेल में बंद है। उसी के साथ मिलकर चोरी की साजिश रची गई थी।
फिलहाल पुलिस चोरी के बाकी सामान की बरामदगी और आरोपियों के आपराधिक नेटवर्क की जांच में जुटी है। पुलिस का मानना है कि इस कार्रवाई से क्षेत्र में सक्रिय नकबजनी गिरोहों पर प्रभावी अंकुश लगेगा।
