
शाजापुर, शाजापुर ही नहीं, बल्कि यह उज्जैन संभाग के लिए संभवत: पहला अवसर होगा, जब किसी मरीज को इलाज के लिए एयर लिफ्ट किया गया हो. स्वास्थ्य विभाग और जिला प्रशासन की त्वरित मदद का परिणाम रहा कि केंसर मरीज को प्रदेश शासन की पीएम श्री एयर एंबुलेंस की सहायता से इलाज के लिए मुंबई भेजा गया. इससे न सिर्फ इलाज का समय बचा, बल्कि मरीज को शाजापुर से मुंबई जाते वक्त रास्ते में होने वाली अनेक परेशानियों से भी राहत मिली.
शाजापुर निवासी 28 वर्षीय भारती गवली विगत 3 वर्षों से ऑस्टियो कासिनोमा से पीडि़त है, जो केंसर का प्रकार है. यह एडवांस स्टेज में था, इसमें विशेष प्रकार के इंजेक्शन या साधारण शब्दों में कहें तो कीमो थैरेपी की मदद से ही इलाज संभव है. भारती का इलाज यूं तो इंदौर और अहमदाबाद के निजी अस्पताल में चल रहा था, लेकिन उसे रेडियो न्यूक्लियो टाइप थैरेपी के लिए एनआरसी सेंटर टाटा मेमोरियल मुंबई भेजना था, लेकिन एंबुलेंस या निजी वाहन से भारती को ले जाना संभव नहीं था. क्योंकि स्थिति काफी क्रिटिकल होने के कारण वह इतना लंबा सफर तय नहीं कर सकती थी. ऐसे में भारती के परिजनों ने स्वास्थ्य विभाग और जिला प्रशासन से मदद की गुहार लगाई. जिस पर सीएमएचओ डॉ. कमला आर्य, डीपीएम शैलेंद्र सोनी एवं स्वास्थ्य विभाग की टीम ने डॉक्यूमेंट वेरीफिकेशन की कार्यवाही शुरू की. प्रस्ताव बनाकर कलेक्टर सुश्री ऋजु बाफना के समक्ष प्रस्तुत किया. कलेक्टर ने मरीज की गंभीर स्थिति को देखते हुए तत्काल भोपाल संपर्क किया और एयर एंबुलेंस के लिए स्वीकृति दिलवाई.
एयर क्रॉफ्ट से किया एयर लिफ्ट…
प्रदेश सरकार द्वारा गंभीर बीमारियों में मरीजों को तत्काल उपचार मिल सके और उनकी जान बचाई जा सके. इसके लिए पीएम श्री एयर एंबुलेंस संचालित की जा रही है. जिसमें हेलीकॉप्टर और एयर क्रॉफ्ट से मरीजों का रेस्क्यू किया जाता है. केंसर पीडि़त भारती गवली को एयर क्रॉफ्ट से रेस्क्यू किया जाना था. इसलिए स्वास्थ्य विभाग और जिला प्रशासन द्वारा 108 एंबुलेंस की मदद से भारती को इंदौर एयरपोर्ट भेजा गया. जहां एयर क्रॉफ्ट की मदद से उसे एयर लिफ्ट कर मुंबई ले जाया गया.
इनका कहना है
संभवत: यह उज्जैन संभाग का पहला मामला होगा, जब किसी मरीज को एयर लिफ्ट किया गया हो. कलेक्टर सुश्री ऋजु बाफना के अथक प्रयासों से यह व्यवस्था तत्काल सुलभ हो सकी.
– डॉ. कमला आर्य, सीएमएचओ, शाजापुर
मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल मरीज के सारे डॉक्यूमेंट वेरीफाई करने की कार्यवाही स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा की गई और मरीज को हर हाल में सरकार की योजना का लाभ मिले और बिना किसी परेशानी के उपचार मिल सके. इसके लिए सभी प्रयास किए. जिसका परिणाम रहा कि केंसर पीडि़त मरीज को एयर लिफ्ट कर मुंबई भेजा जा सका है.
– शैलेंद्र सोनीे, डीपीएम, शाजापुर
