
सीधी। जमोड़ी पुलिस ने थाना बहरी के सहयोग से चोरी गई अपाची मोटरसाइकिल बरामद कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार फरियादी शिवम यादव पिता बुद्ध यादव उम्र 19 वर्ष निवासी ग्राम पड़री, थाना जमोड़ी, जिला सीधी ने थाना में रिपोर्ट दर्ज कराई कि दिनांक 29 जुलाई 2026 को वह अपने मित्र रोहित केवट के यहां ग्राम मधुरी अपनी अपाची मोटरसाइकिल क्रमांक एमपी 53 जेडडी1489 से गया था। रात लगभग 10 बजे भोजन करने के बाद वह सो गया। रात करीब 3 बजे जब वह बाहर निकला तो देखा कि उसकी मोटरसाइकिल वहां खड़ी नहीं थी। आसपास तलाश करने पर भी मोटरसाइकिल नहीं मिली। किसी अज्ञात चोर द्वारा लगभग 90 हजार रुपये मूल्य की अपाची मोटरसाइकिल चोरी कर ली गई थी। रिपोर्ट के आधार पर थाना जमोड़ी में अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई। विवेचना के दौरान पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों एवं मुखबिर सूचना के आधार पर आरोपियों की पहचान की। जांच में मुकेश प्रजापति निवासी खोचीपुर, थाना बहरी तथा जतिन उर्फ राइडर उर्फ लकी सोधिया निवासी मधुरी द्वारा उक्त मोटरसाइकिल चोरी करना पाया गया। थाना जमोड़ी पुलिस ने थाना बहरी पुलिस के सहयोग से रात्रि कार्रवाई करते हुए आरोपी मुकेश प्रजापति के कब्जे से चोरी गई अपाची मोटरसाइकिल बरामद कर ली तथा दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। उक्त कार्रवाई में थाना बहरी के थाना प्रभारी निरीक्षक राजेश पाण्डेय, जमोड़ी प्रभारी उप निरीक्षक दिव्य प्रकाश त्रिपाठी, प्रधान आरक्षक आजाद, प्रधान आरक्षक गुरु प्रसन्न तथा आरक्षक संदीप गुर्जर का महत्वपूर्ण सहयोग रहा।
