मुरैना: जिला मुख्यालय पर मंगलवार को आयोजित जनसुनवाई में आमजन की समस्याओं के त्वरित एवं प्रभावी समाधान पर विशेष जोर दिया गया। कलेक्टर लोकेश कुमार जांगिड़ की अध्यक्षता में आयोजित जनसुनवाई में जिलेभर से पहुंचे 265 लोगों ने अपनी समस्याएं और शिकायतें प्रशासन के समक्ष रखीं। इनमें से 39 गंभीर प्रकरणों को समय-सीमा (टीएल) में दर्ज कर संबंधित विभागों को कार्रवाई के लिए भेजा गया।
जनसुनवाई के दौरान कलेक्टर ने गंभीर मामलों का स्वयं संज्ञान लेते हुए संबंधित अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक आवेदन का संवेदनशीलता, गंभीरता और प्राथमिकता के आधार पर गुणवत्तापूर्ण निराकरण किया जाए, ताकि आम नागरिकों को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें और उन्हें समय पर राहत मिल सके।
कलेक्टर ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि लंबित प्रकरणों के निराकरण में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनावश्यक विलंब स्वीकार नहीं किया जाएगा। सभी अधिकारी व्यक्तिगत रुचि लेकर जनसुनवाई में प्राप्त शिकायतों का निर्धारित समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करें। साथ ही प्रत्येक आवेदन को जन आकांक्षा पोर्टल पर दर्ज कर उसकी प्रगति की जानकारी संबंधित आवेदकों तक समय पर पहुंचाई जाए।
जनसुनवाई में राजस्व एवं भूमि विवाद, छात्रवृत्ति, अतिथि शिक्षक, स्वास्थ्य सेवाएं, सामाजिक न्याय, पेंशन, स्वच्छता, अतिक्रमण, सिंचाई सहित विभिन्न विभागों से जुड़े मामलों पर बड़ी संख्या में आवेदन प्राप्त हुए। कलेक्टर ने सभी प्रकरणों की गंभीरता से समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
इस अवसर पर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी कमलेश कुमार भार्गव, अपर कलेक्टर अश्विनी कुमार रावत, संयुक्त कलेक्टर अशोक सिंह चौहान, संयुक्त कलेक्टर श्री सिन्हा, एसडीएम रामनिवास सिकरवार, डिप्टी कलेक्टर भारत कुमार सहित विभिन्न विभागों के जिला अधिकारी मौजूद रहे।
