
जबलपुर। मध्यप्रदेश हाईकोर्ट बार एसोसिएशन द्वारा प्रतिष्ठापित भगवान गणेश की प्रतिमा की सोमवार को विधि-विधान से महाआरती की गई। हाईकोर्ट के मुख्य न्यायमूर्ति अल्पेश यशवंत कोगजे एवं न्यायमूर्ति विवेक जैन ने महाआरती में शामिल होकर भगवान गणेश की पूजा-अर्चना की। इस दौरान हाईकोर्ट परिसर में गणपति के जयकारे गूंजते रहे। बार अध्यक्ष मृगेंद्र सिंह और सचिव असीम त्रिवेदी सहित उपाध्यक्ष विश्वास पलिया, सत्येंद्र ज्योतिषी, महिला उपाध्यक्ष अनुराधा तिवारी चौबे, सहसचिव रूपेश पटेल, कोषाध्यक्ष सुशीला पालीवाल और पुस्तकालय सचिव अजय शुक्ला मौजूद रहे। गणेशोत्सव के तहत आयोजित महाआरती में बड़ी संख्या में अधिवक्ता और न्यायालय से जुड़े लोग शामिल हुए। बार पदाधिकारियों ने अतिथियों का स्वागत किया। विधि-विधान से पूजा-अर्चना और महाआरती के दौरान पूरा बार परिसर भक्तिमय नजर आया। अधिवक्ताओं ने भगवान गणेश से सुख-समृद्धि, संघ की एकता और सभी के कल्याण की कामना की। कार्यक्रम के दौरान गणपति के जयकारों से परिसर गूंजता रहा।
