भोपाल: केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह का आज भोपाल में बेहद व्यस्त कार्यक्रम रहेगा। इसके पहले शुक्रवार देर रात भोपाल पहुंचे शाह की अगवानी मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने की। होटल ताज में रात्रि विश्राम के बाद आज शनिवार सुबह से देर शाम तक शाह लगातार विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होंगे। इस दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और हेमंत खंडेलवाल भी उनके साथ रहेंगे।
शाह भेल दशहरा मैदान में राज्य स्तरीय गोपालक सम्मेलन में शामिल होंगे। यहां 35 हजार से अधिक गोपालकों और दुग्ध सहकारी समितियों के सदस्यों की मौजूदगी में पशुपालकों को बोनस, गौशालाओं को सहायता अनुदान और गोपालक दीदियों का सम्मान किया जाएगा। डॉ. भीमराव आंबेडकर कामधेनु योजना के स्वीकृति पत्र भी बांटे जाएंगे।
इसके बाद शाह भोपाल सहकारी दुग्ध संघ के 16.80 करोड़ रुपए की लागत से तैयार फर्मेंटेड प्रोडक्ट डेयरी प्लांट का लोकार्पण करेंगे। वे आईआईएसईआर में अत्रि परिसर का शिलान्यास और स्वामी विवेकानंद की प्रतिमा का अनावरण भी करेंगे। नार्कोटिक्स और ग्रह विभाग की समीक्षा बैठक के अलावा भेल मैदान में नए आपराधिक कानूनों पर राज्य स्तरीय प्रदर्शनी का उद्घाटन और अवलोकन भी उनके कार्यक्रम में शामिल है। वह रात करीब 8 बजे दिल्ली रवाना होंगे।
