इमामी का पहली तिमाही का मुनाफा 15 प्रतिशत घटकर 139 करोड़ पर

कोलकाता, 04 अगस्त (वार्ता) सौंदर्य प्रसाधन एवं स्वास्थ्य उत्पाद बनाने वाली एफएमसीजी कंपनी इमामी को चालू वित्त वर्ष की पहली तिमाही में समेकित आधार पर 139 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ हुआ जो पिछले वित्त वर्ष की समान अवधि के मुकाबले 15 प्रतिशत की गिरावट है। कंपनी के निदेशकमंडल की मंगलवार को हुई बैठक के बाद वित्तीय परिणामों की घोषणा की गयी। इस दौरान परिचालन से कंपनी का राजस्व 15 प्रतिशत बढ़कर 1,039 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। हालांकि कच्चे माल की लागत में 29 प्रतिशत की भारी भरकम बढ़ोतरी के कारण उसका मुनाफा कम हुआ है। कंपनी ने बताया कि उसका परिचालन लाभ छह प्रतिशत बढ़कर 226 करोड़ रुपये और कर पूर्व लाभ चार प्रतिशत बढ़कर 196 करोड़ रुपये हो गया। तिमाही के दौरान, इमामी की कुल बिक्री में भी 15 प्रतिशत का उछाल आया और यह 1,030 करोड़ रुपये दर्ज की गयी।

कंपनी ने कहा कि यह तिमाही मिश्रित गरमी के मौसम के बीच रही। दक्षिण और पश्चिम भारत में भीषण गर्मी रही, जबकि उत्तर और पूर्वी भारत में मौसम अपेक्षाकृत सामान्य रहा। साथ ही, परिचालन वातावरण भी चुनौतीपूर्ण बना रहा। कच्चे तेल की ऊंची कीमतों, महंगाई के दबाव तथा पश्चिम एशिया के संघर्ष से उत्पन्न व्यवधानों के कारण पूरे उद्योग में कच्चे माल की लागत बढ़ गयी। इन बाहरी चुनौतियों के बावजूद, कंपनी ने तिमाही में मजबूत प्रदर्शन किया। कंपनी की सबसे अधिक आमदनी बालों और सिर की देखभाल से संबंधित उत्पादों के कारोबार से हुई है।

इस वर्ग में उसकी आय 11 प्रतिशत बढ़कर 271 करोड़ रुपये पर पहुंच गयी। त्वचा की देखभाल संबंधी उत्पादों की बिक्री तीन फीसदी बढ़कर 246 करोड़ रुपये हो गयी। स्वास्थ्य उत्पादों की बिक्री दो प्रतिशत बढ़कर 232 करोड़ रुपये पर पहुंच गयी। तिमाही के दौरान कंपनी के अंतरराष्ट्रीय कारोबार में 12 प्रतिशत की गिरावट आयी और यह घटकर 122 करोड़ रुपये पर रहा। इमामी के उपाध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक हर्षवर्धन अग्रवाल ने कहा, “भू-राजनीतिक व्यवधानों, बढ़ते मुद्रास्फीति के दबाव और विभिन्न बाजारों में असमान ग्रीष्मकालीन परिस्थितियों जैसी चुनौतीपूर्ण कारोबारी परिस्थितियों के बावजूद एक और तिमाही में हमारा प्रदर्शन मजबूत रहा। हमारे घरेलू कारोबार में 20 प्रतिशत की वृद्धि हुई, जिसके परिणामस्वरूप कुल राजस्व में 15 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गयी। यह हमारे ब्रांडों की मजबूती और बेहतर क्षमता को दर्शाता है।”

.....

Next Post

दतिया विधानसभा उपचुनाव परिणामों की समीक्षा हेतु दो सदस्यीय समिति गठित

Tue Aug 4 , 2026
भोपाल:भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक हेमंत खंडेलवाल ने दतिया विधानसभा उपचुनाव के परिणामों की समीक्षा के लिए एक दो सदस्यीय उच्चस्तरीय समिति का गठन किया है। इस समिति में पार्टी के प्रदेश महामंत्री श्री गौरव रणदीवे और वरिष्ठ नेता अंबाराम कराड़ा को बतौर सदस्य शामिल किया गया […]

You May Like