जबलपुर: अमरकंटक से पिकनिक मनाकर बाइक से घर लौट रहे दोस्तों को एक तेज रफ्तार कार ने खमरिया थाना अंतर्गत बिछुआ मोड़ पर जोरदार टक्कर मार दी। इस दर्दनाक सड़क हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना खमरिया थाना क्षेत्र के बिछुआ मोड़ की है। पुलिस ने आरोपी कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया हैं।
पुलिस के मुताबिक, रांझी के बापू नगर में रहने वाले राजकुमार चंदेल (21) अपने बड़े भाई अनुराग चंदेल और तीन दोस्तों अनुराग सिंह ठाकुर, मोहित बरकड़े और युवराज सोंधिया के साथ दो मोटरसाइकिलों पर अमरकंटक घूमने गए थे। सभी दोस्त वापस जबलपुर लौट रहे थे। आगे वाली स्प्लेंडर प्लस बाइक क्रमांक एमपी 20 जेड जेड 7531 को अनुराग सिंह ठाकुर चला रहा था और राजकुमार उसके पीछे बैठा था। बाकी तीन दोस्त दूसरी बाइक से पीछे आ रहे थे। जैसे ही वे बिछुआ मोड़ के पास मेन रोड पर पहुंचे, सामने से आ रही एक कार क्रमांक एमपी 20 सीबी 4770 के चालक ने तेज गति और लापरवाही से चलाते हुए अनुराग की बाइक को सामने से सीधी टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों दोस्त बाइक सहित सड़क पर दूर जा गिरे। हादसे में अनुराग सिंह ठाकुर के चेहरे, सीने, मुंह और हाथ-पैरों में गंभीर चोटें आईं। राजकुमार के भी आंख के पास और कूल्हे में चोट लगी। पीछे से आ रहे भाई और दोस्तों ने तुरंत उन्हें संभाला और अस्पताल की तरफ भागे। रास्ते में मिली 108 एम्बुलेंस की मदद से उन्हें शासकीय अस्पताल रांझी पहुंचाया गया, जहां डॉक्टर ने जांच के बाद अनुराग सिंह ठाकुर निवासी बड़ा पत्थर, रांझी को मृत घोषित कर दिया
