इंदौर: बेटे की मौत के बाद से एक बुजुर्ग से रुपए मांगने और अब तक 25 लाख रुपए लेने के बावजूद फिर रकम मांगने का मामला सामने आया है. अन्नपूर्णा पुलिस ने द्वारकापुरी में रहने वाले अजय दुबे उर्फ अज्जू पंडित के खिलाफ केस दर्ज किया है.विनय नगर में रहने वाले 73 वर्षीय सुरेश घनानी ने पुलिस को बताया कि उनके बड़े बेटे गिरिश की 2012 में मौत हो चुकी है.
इसके बाद से अज्जू पंडित उर्फ अजय दुबे उनके घर आकर कहता रहा कि गिरिश ने उससे रुपए लिए थे. फरियादी का आरोप है कि वह अब तक लिखापढ़ी के साथ 25 लाख रुपए दे चुके हैं, लेकिन इसके बावजूद आरोपी बार-बार और रुपए मांगता रहा. आरोप है कि 3 अक्टूबर को आरोपी ने रास्ते में उन्हें रोककर जबरन 10 हजार रुपए ले लिए. साथ ही और रुपए नहीं देने पर उन्हें, उनके छोटे बेटे भीष्म और परिवार को जान से खत्म करने की धमकी दी. अन्नपूर्णा थाना प्रभारी हितगोपाल यादव ने बताया कि बुजुर्ग की शिकायत पर अजय दुबे उर्फ अज्जू पंडित के खिलाफ केस दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है.
