भोपाल: नवरात्र के दौरान बाजारों में फूल, नारियल और पूजा सामग्री की मांग बढ़ने के साथ कीमतों में भी इजाफा हुआ है। दुकानदारों के मुताबिक, पिछले साल के मुकाबले इस बार पूजा सामग्री के दामों में 20 से 25 प्रतिशत तक की बढ़ोतरी हुई है। वहीं, सामान्य दिनों में 10 रुपये में मिलने वाली कुछ चीजें अब 30 से 40 रुपये तक में बिक रही हैं। नारियल की कीमत भी 30 से 40 रुपये तक पहुंच गई है।
फूलों की बात करें तो गेंदे के फूलों के दाम सामान्य बने हुए हैं, जबकि गुलाब और सफेद फूलों की कीमतों में बढ़ोतरी देखने को मिल रही है। दुकानदारों के अनुसार, फूलों के दामों में करीब 4 प्रतिशत तक इजाफा हुआ है। इसके अलावा गुलाब की मालाओं और वीआईपी मालाओं की कीमतें भी बढ़ी हैं।
बढ़े दामों से ग्राहक परेशान
पूजा सामग्री की कीमतों में बढ़ोतरी का असर ग्राहकों की खरीदारी पर भी पड़ रहा है। दुकानदारों का कहना है कि ग्राहक सामान्य दिनों के मुकाबले बढ़े दामों को लेकर सवाल करते हैं। वहीं, दुकानदार भी सामान की बढ़ी हुई लागत को इसकी वजह बता रहे हैं।
नवरात्र के इस पर्व पर जहां बाजारों में पूजा की तैयारियां जोरों पर हैं, वहीं बढ़ती कीमतों ने लोगों के बजट को प्रभावित किया है। ऐसे में इस बार पूजा की थाली सजाने के लिए लोगों को पिछले साल के मुकाबले ज्यादा खर्च करना पड़ रहा है।
