
सिंगरौली । श्रावण मास के प्रथम सोमवार पर जिलेभर के शिवालयों में श्रद्धा और आस्था का जनसैलाब उमड़ पड़ा। सुबह से ही श्रद्धालु भगवान भोलेनाथ के जलाभिषेक, दुग्धाभिषेक, रुद्राभिषेक, महामृत्युंजय जाप एवं हवन-पूजन में जुटे रहे।
रिमझिम बारिश के बीच मंदिर परिसर हर-हर महादेव और ऑम नम: शिवाय के जयघोष से गूंज उठे। श्रद्धालुओं ने भगवान शिव से परिवार की सुख-समृद्धि, आरोग्य और विश्व कल्याण की कामना की। बैढ़न स्थित शिवधाम मंदिर में श्रद्धालुओं की सबसे अधिक भीड़ देखने को मिली। यहां मंदिर के प्रधान पुजारी एवं ज्योतिषाचार्य पं. डॉ. एनपी मिश्र, जो शिवधाम मंदिर के महाप्रबंधक भी हैं, के आचार्यत्व में वैदिक मंत्रोच्चार के साथ सामूहिक रुद्राभिषेक, महामृत्युंजय जाप और हवन संपन्न कराया गया। श्रद्धालुओं ने जल, दुग्ध, बेलपत्र, धतूरा, भस्म और अन्य पूजन सामग्री अर्पित कर विधि-विधान से अभिषेक किया।
