जबलपुर। आँगनबाड़ी कायाकल्प अभियान के तहत शहर की आँगनबाड़ी क्रमांक 91 सहित कुल 11 आँगनबाड़ियों को सर्वसुविधायुक्त बनाया गया है। इन केंद्रों में बच्चों के लिए कुर्सियां, ब्लैक बोर्ड, थालियां, वाटर फिल्टर, कैलेंडर जैसी आवश्यक वस्तुएं उपलब्ध कराई गईं तथा दीवारों पर आकर्षक पेंटिंग कर बच्चों के लिए मनमोहक वातावरण तैयार किया गया।
महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू ने बताया कि मध्यप्रदेश हाई कोर्ट बार एडवोकेट एसोसिएशन ने इन आँगनबाड़ियों को गोद लिया है। उन्होंने कहा कि दिसंबर माह तक शहर की सभी 687 आँगनबाड़ियों को सर्वसुविधायुक्त बनाने का लक्ष्य रखा गया है, जिसके लिए विभिन्न सामाजिक संस्थाओं की भागीदारी सुनिश्चित की जा रही।
