शिवपुरी: जिले के कोलारस थाना क्षेत्र के सनवारा गांव में बड़ा हादसा हो गया। खेत में चरने गई दो भैंसें टूटे बिजली के तार की चपेट में आ गईं, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में किसान सलीम शाह को करीब एक लाख रुपए का नुकसान हुआ है। घटना के बाद गांव में आक्रोश का माहौल बन गया। ग्रामीणों ने बिजली कंपनी पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाते हुए पीड़ित किसान को मुआवजा देने की मांग की है।
सुबह किसान सलीम शाह की भैंसें रोज की तरह खेत में चारा चरने गई थीं। इसी दौरान खेत में लगे एक बिजली खंभे से तार टूटकर नीचे गिरा हुआ था। भैंसें चारे के बीच उसी तार के संपर्क में आ गईं और तेज करंट लगने से दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की खबर फैलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। उन्होंने बिजली कंपनी को हादसे के लिए जिम्मेदार ठहराया।
