
इंदौर। आर्टमेट, इंदौर द्वारा वरिष्ठ चित्रकार स्वर्गीय वसंत आगाशे की प्रथम पुण्यतिथि पर आयोजित “पीढ़ियों के रंगों की विरासत” चित्र प्रदर्शनी का शुभारंभ शुक्रवार को प्रीतमलाल दुआ सभागृह में पद्मश्री भालू मोंढे के मुख्य आतिथ्य एवं पद्म भूषण सुमित्रा ताई महाजन की गरिमामयी उपस्थिति में हुआ।
प्रदर्शनी में स्वर्गीय वसंत आगाशे तथा उनकी सुपुत्री एवं चित्रकार प्रज्ञा आगाशे दुराफे की चित्रकृतियाँ प्रदर्शित की गई हैं, जो एक ही परिवार की दो पीढ़ियों की कलात्मक विरासत को दर्शाती हैं। इस अवसर पर वरिष्ठ चित्रकार सुनील सराफ का कला-जगत में उल्लेखनीय योगदान के लिए सम्मान किया गया।
समारोह में पद्मश्री भालू मोंढे, शंकर शिंदे, हरेंद्र शाह और रमेश खेर सहित वरिष्ठ कलाकारों ने स्वर्गीय वसंत आगाशे को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके कला के प्रति समर्पण, अनुशासन और आजीवन साधना को याद किया। उद्घाटन समारोह में इंदौर के अनेक वरिष्ठ चित्रकार एवं कला-प्रेमी उपस्थित रहे।
प्रदर्शनी 18 एवं 19 जुलाई को प्रतिदिन दोपहर 12 बजे से रात्रि 8 बजे तक आमजन के लिए खुली रहेगी। आयोजकों ने कला-प्रेमियों, विद्यार्थियों एवं नागरिकों से प्रदर्शनी का अवलोकन करने की अपील की है।
