लंदन, 17 जुलाई (वार्ता) ग्रेटर मैनचेस्टर के पूर्व मेयर और मेकरफील्ड से सांसद एंडी बर्नहैम को मध्य लंदन में आयोजित विशेष सम्मेलन में निर्विरोध रूप से लेबर पार्टी का नया नेता चुन लिया गया है। इसके साथ ही उनके प्रधानमंत्री बनने का रास्ता साफ हो गया है। श्री बर्नहैम सोमवार को ब्रिटेन के नये प्रधानमंत्री के रूप में कार्यभार संभालेंगे।
पार्टी नेता घोषित होने के बाद अपने पहले ऐतिहासिक भाषण में श्री बर्नहैम ने ‘मैं तैयार हूं’ का नारा देते हुए देश में ‘नयी राजनीति’ की शुरुआत करने, कामकाजी वर्ग को उनका पुराना गौरव और उम्मीद वापस लौटाने तथा कीर स्टारमर की बनायी मजबूत नींव पर आगे बढ़ने का दृढ़ संकल्प व्यक्त किया।
उन्होंने स्पष्ट किया कि देश के हर हिस्से- चाहे वह उत्तर हो, दक्षिण, स्कॉटलैंड हो या वेल्स, सभी को समान और मजबूत आवाज दी जायेगी।
श्री बर्नहैम ने कहा कि ब्रिटिश जनता मौजूदा राजनीति से तंग आ चुकी है और उन्होंने 1980 के दशक की नीतियों की आलोचना करते हुए कहा कि तब राजनीतिक शक्ति का केंद्रीकरण और आर्थिक शक्ति का निजीकरण कर दिया गया था, जिससे जनता आवास, पानी, ऊर्जा और परिवहन जैसी बुनियादी जरूरतों के लिए ऊंचे दामों के जाल में फंस गयी।
उन्होंने स्पष्ट किया कि वे केवल नंबर हासिल करने की राजनीति के बजाय सोशल केयर जैसे बड़े और उपेक्षित मुद्दों को हल करेंगे। इसके साथ ही पूरी पार्टी में एकजुटता का आह्वान करते हुए उन्होंने कहा कि वे ‘एक लेबर टीम’ की संस्कृति का निर्माण करेंगे और उनकी कैबिनेट में पार्टी के हर धड़े और विचारों के नेताओं को जगह दी जायेगी।
अपनी राजनीतिक यात्रा का जिक्र करते हुए श्री बर्नहैम ने कहा कि 2009 में एनफील्ड (लिवरपूल) से उन्होंने महसूस किया था कि यह देश कामकाजी वर्ग के लिए ठीक से काम नहीं कर रहा है। उन्होंने शेफील्ड, स्कैंथॉर्प, साउथ वेल्स और क्लाइड जैसे औद्योगिक व खनन क्षेत्रों का नाम लेते हुए कहा कि इन जगहों के लोगों ने लेबर पार्टी को बनाया, लेकिन राजनीति ने उनकी उपेक्षा की। अब लेबर पार्टी उनके भरोसे को वापस जीतेगी। उन्होंने अपने पूर्ववर्ती नेता कीर स्टारमर को देश और पार्टी की शानदार सेवा के लिए धन्यवाद दिया, जिनके नेतृत्व में पार्टी अपनी सबसे बड़ी हार से उबरकर सबसे बड़ी जीत तक पहुंची और वैश्विक मंच पर ब्रिटेन की साख मजबूत हुई।
इससे पहले गृह मंत्री शबाना महमूद ने सम्मेलन में घोषणा की कि एंडी बर्नहैम एकमात्र योग्य उम्मीदवार थे, जिन्हें सांसदों से रिकॉर्ड 379 नामांकन और सभी 11 ट्रेड यूनियनों सहित संबद्ध सामाजिक सोसायटियों से कुल 23 नामांकन प्राप्त हुए। इस प्रकार निर्धारित मानदंडों को पूरा करने के बाद उन्हें निर्विरोध लेबर पार्टी का नया नेता घोषित किया गया। वर्तमान में डाउनिंग स्ट्रीट (प्रधानमंत्री आवास) पर सत्ता के हस्तांतरण की तैयारियां तेज हो गयी हैं।
