कपचोरवा, 17 जुलाई (वार्ता) युगांडा के कपचोरवा ज़िले के कावोवो सब-काउंटी में चेक्वाटिट हिल पर किंग डेविड जूनियर स्कूल, नदेजे की बस के दुर्घटनाग्रस्त हो जाने से 20 छात्रों की मौत हो गयी, जबकि 60 से ज़्यादा छात्र घायल हो गये। यह जानकारी स्थानीय मीडिया से प्राप्त हुई।
गुरुवार शाम छात्र एक अध्ययन यात्रा से लौट रहे थे, तभी उनकी बस में कथित रूप से कोई तकनीकी खराबी आ गयी और चालक बस पर अपना नियंत्रण खो गया, जिससे बस दुर्घटनाग्रस्त हो गयी। चेक्वाटिट हिल को देश के प्रमुख दुर्घटनाबहुल क्षेत्रों में से एक माना जाता है, जहां पहले भी कई जानलेवा दुर्घटनाएं हो चुकी हैं।
पुलिस ने शुक्रवार को कहा, “ कल शाम कपचोरवा ज़िले के कावोवो सब-काउंटी में हुए जानलेवा सड़क हादसे में अब तक कुल 21 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जिनमें 20 छात्र और एक वयस्क शामिल हैं। इस हादसे में कंपाला के नदेजे स्थित किंग डेविड जूनियर स्कूल की बस शामिल थी। चालक की पहचान अभी तक नहीं हो पाई है। ”
कुछ घंटों बाद, पूर्वी युगांडा के दौरे पर गये स्थानीय सरकार के मंत्री बारुगहारा बालाआम अतेनी ने घटनास्थल का दौरा किया और 20 छात्रों की मौत की पुष्टि की।
श्री अतेनी ने एक्स पर कहा, “ हमें म्बाले रीजनल रेफरल अस्पताल में नौ बच्चे गंभीर हालत में मिले, 16 बच्चे कसेरेम स्वास्थ्य केंद्र में, तीन बच्चे बुलाम्बुली स्वास्थ्य केंद्र में और बाकी बच्चे कपचोरवा अस्पताल में इलाज करवा रहे हैं। दुखद बात है कि 20 बच्चे और एक वयस्क जो संस्था के संस्थापक और डायरेक्टर थे अब इस दुनिया में नहीं रहे। ”
सिपी क्षेत्र की पुलिस के प्रवक्ता फ्रेडमार्क चेसांग ने घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि शुरुआती जांच से पता चला है कि दुर्घटना का संभावित कारण तकनीकी खराबी है।
पुलिस अधिकारी, स्थानीय लोग और आपातकालीन सेवाकर्मी पीड़ितों को बचाने के लिए तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे जिनमें से कई मलबे में फंसे हुए थे और उन्हें पास के स्वास्थ्य केंद्रों तक पहुंचाया। घायल छात्रों को आपातकाली इलाज के लिए कपचोरवा सामान्य अस्पताल और आस-पास के दूसरे स्वास्थ्य केंद्रों में ले जाया गया जबकि बाकी छात्रों को म्बाले ले जाया गया।
जांच के दौरान सुरक्षाकर्मी दुर्घटना स्थल पर मौजूद रहे। अधिकारियों ने मृतकों की पहचान ज़ाहिर नहीं की थी, क्योंकि उनके परिवार वालों को अभी सूचित किया जाना बाकी था।
यह हादसा युगांडा में हाल के वर्षों में स्कूली बच्चों के साथ हुए सबसे घातक सड़क हादसों में से एक है। हाल के हफ़्तों में देश में ऐसी कई घटनाएं हुई है। पुलिस ने कहा कि जांच पूरी होने और सभी पीड़ितों का पता चलने के बाद एक विस्तृत रिपोर्ट जारी की जाएगी।एक सप्ताह पहले, शुक्रवार सुबह मुकोनो ज़िले में काकिरी के म्वेबाज़े हाई स्कूल के छात्रों को ले जा रही एक बस के ट्रेन से टकरा जाने के कारण एक छात्र और एक शिक्षक की मौत हो गयी थी।
इस महीने की शुरुआत में, ओमोरो ज़िले में कंपाला-गुलु हाईवे पर एक बस और एक ट्रेलर की आमने-सामने की टक्कर में 14 लोगों की मौत हो गयी थी।
