
दमोह/पथरिया। श्रावण माह के प्रथम सोमवार को नगर के शिवालयों में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। भगवान शिव के दर्शन और जलाभिषेक के लिए भक्तों की लंबी कतारें देखने को मिलीं। हर-हर महादेव और बम-बम भोले के जयघोष से मंदिर परिसर भक्तिमय वातावरण में डूबा रहा।
श्रावण मास प्रारंभ होते ही श्रद्धालु पूरी श्रद्धा और उत्साह के साथ भगवान भोलेनाथ की आराधना में जुट गए हैं। नगर के छोटे-बड़े सभी शिव मंदिरों में भक्तों ने जल, दूध, बेलपत्र, धतूरा, पुष्प एवं अन्य पूजन सामग्री अर्पित कर भोलेनाथ का अभिषेक किया तथा परिवार की सुख-समृद्धि, स्वास्थ्य और खुशहाली की कामना की।
श्रावण मास को सनातन धर्म में अत्यंत पवित्र और पुण्यदायी माना जाता है। मान्यता है कि इस माह में भगवान शिव की सच्चे मन से की गई पूजा-अर्चना और व्रत का विशेष फल प्राप्त होता है। इसी आस्था के चलते सुबह से ही मंदिरों में श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा और दिनभर शिवभक्ति का माहौल बना रहा।
