
सिंगरौली । सिंगरौली विधायक रामनिवास शाह ने सोमवार को संसद भवन लोकसभा में भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से शिष्टाचार भेंट की। इस अवसर पर उन्होंने सांसद एवं क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों के साथ सिंगरौली के समग्र विकास, जनहित से जुड़े विषयों तथा क्षेत्र की पहचान को राष्ट्रीय स्तर पर और मजबूत करने को लेकर चर्चा की। साथ ही श्रृंगी ऋषि की तपोभूमि एवं मॉ मधुमनी की पावन धरा का प्रतीकात्मक चित्र प्रधानमंत्री को भेंट कर सिंगरौली की आध्यात्मिक, सांस्कृतिक और ऐतिहासिक विरासत से अवगत कराया।
मुलाकात के दौरान जनप्रतिनिधियों ने सिंगरौली के विकास से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर प्रधानमंत्री का ध्यान आकृष्ट किया। विशेष रूप से सिंगरौली एयरपोर्ट की आवश्यकता और क्षेत्र के आधारभूत विकास को लेकर भी अपनी बात रखी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सभी जनप्रतिनिधियों का आत्मीय अभिवादन स्वीकार करते हुए राष्ट्र निर्माण, जनसेवा और विकसित भारत के संकल्प के साथ कार्य करने का संदेश दिया। इस अवसर पर सीधी-सिंगरौली सांसद डॉ. राजेश मिश्रा, राज्यमंत्री राधा सिंह, देवसर विधायक राजेंद्र मेश्राम, धौहनी विधायक कुंवर सिंह टेकाम, सिहावल विधायक विश्वामित्र पाठक, ब्यौहारी विधायक शरद कोल, भाजपा जिला अध्यक्ष सुंदरलाल शाह, , डॉ. देवेंद्र त्रिपाठी भी मौजूद रहे। विधायक रामनिवास शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री का मार्गदर्शन सिंगरौली के विकास को नई गति देने के लिए प्रेरणास्रोत है और क्षेत्र के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर प्रयास जारी रहेंगे।
००००००
