
सिंगरौली । जिला अस्पताल बैढ़न के ट्रॉमा सेंटर में सर्पदंश के मरीज के उपचार के दौरान हुआ विवाद अब कानूनी कार्रवाई तक पहुंच गया है। डॉक्टर और मरीज पक्ष के बीच हुई कथित मारपीट एवं विवाद के मामले में बैढ़न थाना पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत पर अलग-अलग एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटना के बाद अस्पताल परिसर में देर रात तक तनावपूर्ण माहौल बना रहा।
पुलिस के अनुसार रविवार की रात सर्पदंश के मरीज सुरेन्द्र प्रसाद शाह निवासी गहिलरा के इलाज के दौरान ट्रॉमा सेंटर में भीड़भाड़ और अफरा-तफरी के बीच डॉक्टर विजय प्रताप बैस तथा मरीज पक्ष के बीच विवाद हो गया। मरीज के बेटे सुजीत कुमार शाह ने आरोप लगाया कि डॉक्टर और उनके स्टाफ ने गाली-गलौज करते हुए धक्का-मुक्की और मारपीट की, जिससे उसे चोटें आईं। इस शिकायत पर पुलिस ने डॉक्टर विजय प्रताप बैस और संबंधित स्टाफ के विरुद्ध मामला दर्ज किया है। दूसरी ओर डॉक्टर विजय प्रताप बैस ने भी बैढ़न थाने में शिकायत दर्ज कर आरोप लगाया कि सुजीत कुमार शाह और उसके साथ आए लोगों ने अस्पताल परिसर में अभद्र व्यवहार करते हुए उनके साथ मारपीट की तथा जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने इस शिकायत पर भी संबंधित लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है। बैढ़न थाना पुलिस का कहना है कि दोनों पक्षों के आरोपों को गंभीरता से लेते हुए प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। घटनास्थल, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है। जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
