
इंदौर। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष के घर कांग्रेसियों में हंसी मजाक की बात के बाद घमासान हो गया। शहर के दो नेता और उनके समर्थक आमने सामने हो गए। मामले में सभी को समझाइश देकर शांत किया गया।
शनिवार को प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी के बिजलपुर स्थित आवास पर शहर के वरिष्ठ नेताओं की संगठनात्मक गतिविधियों को लेकर बैठक थी। बैठक में शहर कांग्रेस अध्यक्ष चिंटू चौकसे, जिला अध्यक्ष विपिन वानखेड़े, रीना बौरासी सेतिया, पिंटू जोशी, अमन बजाज, नेता प्रतिपक्ष सोनिला मिमरोट भाटिया, राजू भदौरिया , दीपू यादव, दिनेश मल्हार और शैलेश गर्ग सहित कई नेता मौजूद थे।
पटवारी ने सभी को विधानसभा प्रभारियों को आगामी नगर निगम चुनाव और वार्डों की वर्तमान स्थिति को लेकर चर्चा करने बुलाया था। इसी बीच चिंटू चौकसे के साथ नेता प्रतिपक्ष पद छीन जाने को लेकर हंसी मजाक होने लगी। चौकसे पर कुछ नेताओं ने कटाक्ष किया कि शहर कांग्रेस कैसे चलेगी ? प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी नहाने चले गए थे। इसी बीच पिंटू जोशी ने चौकसे को कहा कि कई जगह उमीदवार नहीं और संगठन में भी कुछ भी नहीं हो रहा है। इस बात पर जोशी और चौकसे के बीच बहस होने लगी। बात गाली गलौज तक पहुंच गई।
पटवारी को इसकी बाथरूम में किसी ने जानकारी दी कि नेता आपस में भीड़ लिए। वे बाथरूम से बाहर आए और सभी को समझाइश देकर पुनः बैठक शुरू की। सभी को अपने अपने प्रभार वाली विधानसभा में संगठन और सम्भावित उम्मीदवारों की खोज एवं स्थिति पर ध्यान देने की हिदायत दी।
बताया जा रहा है कि उक्त घटना की शिकायत प्रदेश प्रभारी हरीश चौधरी सहित हाईकमान के कई बड़े नेताओं को कर दी गई है।
