प्रिटोरियस के ऑलराउंड खेल से एमेजॉन वॉरियर्स ने लगातार दूसरी बार जीता जीएसएल खिताब

गयाना, 02 अगस्त (वार्ता) डे्वन प्रिटोरियस (तीन विकेट और 17 रन) के ऑलराउंड प्रदर्शन की बदौलत गयाना एमेजॉन वॉरियर्स ने फाइनल मुकाबले में सैन फ्रांसिस्को यूनिकॉर्न्स को छह रनों से हराकर ग्लोबल सुपर लीग (जीएसएल) का खिताब अपने नाम किया। प्रिटोरियस को ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ तथा सीरीज में 53 रन और 10 विकेट लेने वाले मोहम्मद नबी को ‘प्लेयर ऑफ द सीरीज’ का पुरस्कार मिला। ग्लोबल सुपर लीग (जीएसल) 2026 के खिताबी मुकाबले में गयाना एमेजॉन वॉरियर्स ने फ्रैंचाइजी लीग फाइनल के सबसे छोटे लक्ष्य (86 रन) का बचाव करते हुए सैन फ्रांसिस्को यूनिकॉर्न्स को छह रनों से शिकस्त दी। यह एमेजॉन वॉरियर्स का लगातार दूसरा जीएसएल खिताब है।

इस मैच में कुल 164 रन बने, जो कि किसी टी-20 फ्रैंचाइजी लीग फाइनल का न्यूनतम टोटल है। छह अन्य टी-20 फाइनल में इससे कम रन बने हैं, लेकिन वे या तो अंतरराष्ट्रीय या फिर घरेलू, राज्य या क्लब स्तर के फ़ाइनल थे। फ्रैंचाइजी लीग फाइनल में ऐसा पहली बार हुआ। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी एमेजॉन वॉरियर्स की शुरुआत अच्छी नहीं रही और उनके शीर्ष पांच बल्लेबाज 6.2 ओवरों में ही 25 रन के स्कोर पर पवेलियन में थे। इन पांच में से तीन विकेट पीटर सिडल ने लिए।
इसके बाद एमेज़ॉन वॉरियर्स के लिए परिस्थितियां और ख़राब हुईं और एक समय उनका स्कोर 29 रन पर आठ विकेट हो गया। हालांकि इसके बाद ड्वेन प्रिटोरियस (30 गेंद में 17 रन) और मैथ्यू फ़ोर्ड ने नौवें विकेट के लिए 41 रनों की साझेदारी की, जिसमें नंबर 10 फ़ोर्ड ने 23 गेंदों में 28 रन बनाए। यह एमेज़ॉन वॉरियर्स की पारी का सर्वश्रेष्ठ व्यक्तिगत स्कोर भी था।

यूनिकॉर्न्स के लिए सिडल के अलावा युवा लेग स्पिनर अनिरूद्ध इमैनुअल ने सनसनीखेज गेंदबाज़ी करते हुए अपने चार ओवरों के स्पेल में सात रन देते हुए तीन विकेट लिए। 86 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी यूनिकॉर्न्स की शुरुआत भी अच्छी नहीं रही और प्रिटोरियस के दो और गुदाकेश मोती के एक विकेट के कारण उनका स्कोर 28 रन पर तीन विकेट था। इस दौरान ओलीवर पीके ने हसन ख़ान के साथ तीसरे विकेट के लिए 10 गेंदों में तेज 22 रन जोड़े।

हसन का विकेट गिरने के बाद पांचवें नंबर पर आए संजय कृष्णमूर्ति, मोहम्मद नबी के सामने संघर्ष करते नज़र आए और 24 गेंदों में सिर्फ़ नौ रन ही बना सके। पीके और कृष्णमूर्ति के बीच 43 गेंदों में 25 रनों की साझेदारी हुई। तब भी यूनिकॉर्न्स की टीम खिताब की ओर बढ़ती दिखाई दे रही थी, जब नबी ने लगातार ओवरों में इन दोनों बल्लेबाजों को आउट किया। इसके बाद इमरान ताहिर ने भी लगातार दो झटके देते हुए मैच के रूख़ को पूरी तरह एमेज़ॉन वॉरियर्स की ओर मोड़ दिया। जब नौवां विकेट गिरा, तब यूनिकॉर्न्स को 14 गेंदों में 14 रनों की ज़रूरत थी। तब भी यूनिकॉर्न्स की जीतने की संभावना थी, लेकिन कैलम स्टो के रनआउट होते ही यह संभावना भी समाप्त हो गई।

.....

Next Post

मोदी ने राष्ट्रमंडल खेलों में पदक जीतने पर गुलवीर, उन्नति शर्मा, अंकुश पांघल और नरेंद्र बेरवाल को दी बधाई

Sun Aug 2 , 2026
नयी दिल्ली 02 अगस्त (वार्ता) प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राष्ट्रमंडल खेलों 2026 की विभिन्न स्पर्धाओं में शानदार प्रदर्शन कर पदक जीतने वाले भारतीय एथलीट गुलवीर सिंह, उन्नति शर्मा, अंकुश पांघल और नरेंद्र बेरवाल को बधाई दी। प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया मंच एक्स पोस्ट किये गये संदेशों के जरिए इन […]

You May Like