इंदौर: महालक्ष्मी नगर इलाके में मंगलवार तड़के एक पुजारी का शव कार के अंदर मिलने से सनसनी फैल गई. कार अंदर से लॉक थी, जिसे पुलिस ने कांच तोड़कर खुलवाया. शव के पास से एक पिस्टल भी बरामद हुई है. शुरुआती हालात में मामला आत्महत्या और हत्या दोनों एंगल से संदिग्ध माना जा रहा है.मृतक 36 वर्षीय मृतक सतीश शर्मा निवासी लसूड़िया मोरी हैं, जो इलाके के एक मंदिर में पुजारी के तौर पर कार्यरत थे.
मंगलवार सुबह करीब 5 बजे महालक्ष्मी नगर के एक सुनसान स्थान पर खड़ी कार में उनका शव मिला. सतीश के सिर में गोली लगने का घाव था. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, कार का कांच तोड़कर शव बाहर निकाला और पोस्टमॉर्टम के लिए एमवाय अस्पताल भेजा. पुलिस जांच में सामने आया है कि सतीश शर्मा सोमवार देर शाम पत्नी से पाटनीपुरा से पूजा का सामान लेने की बात कहकर घर से निकले थे, लेकिन रातभर वापस नहीं लौटे.
देर रात करीब 11 बजे उनके रिश्तेदारों को सतीश के मोबाइल से कॉल आने की बात सामने आई, जिसके बाद परिजनों ने तलाश शुरू की और पुलिस को सूचना दी. मंगलवार सुबह तलाश के दौरान उनकी कार महालक्ष्मी नगर क्षेत्र में खड़ी मिली, जिसके भीतर सतीश का शव पड़ा था. मौके से एक पिस्टल मिलने के बाद मामला और संदिग्ध हो गया है. फिलहाल यह साफ नहीं हो पाया है कि सतीश ने खुद को गोली मारी या किसी ने उनकी हत्या की है. पुलिस ने बताया कि सतीश शर्मा मूल रूप से अशोकनगर जिले के रहने वाले थे और पत्नी व दो बच्चों के साथ इंदौर में रह रहे थे. लसूड़िया पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की गहन जांच कर रही है.
