2.225 किलो अफीम जब्त, एक तस्कर गिरफ्तार, पूरे नेटवर्क की जांच शुरू  

नीमच। जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत रतनगढ़ थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 2 किलो 225 ग्राम अवैध अफीम के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से अफीम के अलावा बिना नंबर की मोटरसाइकिल और एक मोबाइल फोन भी जब्त किया है। जब्त सामग्री की कुल कीमत करीब 12 लाख 80 हजार रुपये आंकी गई है।

पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमलता अग्रवाल एवं एसडीओपी हर्ष राठौर के निर्देशन में मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत थाना रतनगढ़ की पुलिस टीम को यह सफलता मिली।

पुलिस के अनुसार 31 जुलाई को पुलिस चौकी जाट की टीम रतनगढ़-जाट मार्ग पर वाहन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक युवक बिना नंबर की होंडा सीबी ट्विस्टर मोटरसाइकिल से आता दिखाई दिया। पुलिस ने उसे रोककर तलाशी ली तो उसके पास रखी प्लास्टिक की थैली से 2 किलो 225 ग्राम अवैध अफीम बरामद हुई।

पूछताछ में आरोपी की पहचान अंशुल (24) पिता जगदीशचंद्र धाकड़, निवासी ग्राम सुखपुरा, तहसील बिजौलिया, जिला भीलवाड़ा (राजस्थान) के रूप में हुई। आरोपी ने बताया कि वह यह अफीम किसी अन्य व्यक्ति को देने जा रहा था। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस ने अफीम उपलब्ध कराने वाले और इसे खरीदने वाले व्यक्ति को भी प्रकरण में आरोपी बनाया है।

जब्त सामग्री

2 किलो 225 ग्राम अवैध अफीम (अनुमानित कीमत 12.25 लाख रुपये)

बिना नंबर की होंडा सीबी ट्विस्टर मोटरसाइकिल (कीमत लगभग 30 हजार रुपये)

एक मोबाइल फोन (कीमत लगभग 25 हजार रुपये)

पुलिस ने बताया कि मामले में मादक पदार्थों की सप्लाई चेन से जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक भूरालाल भाबर, चौकी प्रभारी जाट उप निरीक्षक नरेंद्र सिंह राठौड़ एवं उनकी टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Next Post

दो वर्ष से फरार इनामी आरोपी को डेढ़ हजार किमी दूर से उठा लाई पुलिस

Sat Aug 1 , 2026
रीवा, दो वर्ष से फरार चल रहे आरोपी को रीवा जिले की गुढ़ पुलिस ने डेढ़ हजार किलो मीटर दूर से पकड़ कर थाने ले आई है. पकड़े गए आरोपों के ऊपर पुलिस अधीक्षक रीवा द्वारा 7000 का इनाम घोषित किया गया था आरोपी को पुलिस द्वारा न्यायालय में पेश […]

You May Like