
हटा/दमोह। पुलिस अधीक्षक आनंद कलादगी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुजीत सिंह भदौरिया के निर्देशन व एसडीओपी कृष्णपाल सिंह के मार्गदर्शन में हटा पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गांजा सहित गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल 3 किलो 980 ग्राम गांजा, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 60 हजार रुपये बताई गई है, बरामद किया है। पुलिस थाना प्रभारी सुधीर कुमार बेगी ने प्रेस वार्ता आयोजित कर बताया कि 15 सितंबर 2026 को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई थी कि एक व्यक्ति व एक महिला प्लास्टिक की थैलियों में अवैध मादक पदार्थ गांजा लेकर चिरौल तिराहा से हटा की ओर आने वाले हैं। सूचना की तस्दीक व आवश्यक दस्तावेजी कार्रवाई पूरी करने के बाद पुलिस टीम स्वतंत्र साक्षियों एवं हमराह स्टाफ के साथ मौके के लिए रवाना हुई।
*यात्री प्रतीक्षालय के पास छिपने का किया प्रयास*
पुलिस टीम जब चिरौल तिराहा पहुंची तो मुखबिर द्वारा बताए हुलिए के अनुसार एक व्यक्ति एवं एक महिला प्लास्टिक की थैलियां लेकर आते दिखाई दिए। पुलिस को आता देखकर दोनों ने यात्री प्रतीक्षालय के पास छिपने का प्रयास किया। पुलिस टीम एवं स्वतंत्र साक्षियों की मदद से दोनों को रोककर पूछताछ की गई। पूछताछ के दौरान दोनों ने अपना नाम हरेन्द्र उर्फ पप्पू पिता मोहन सिंह लोधी उम्र 28 वर्ष निवासी शिकारपुरा थाना पटेरा, तथा लक्ष्मी रानी राजपूत पति कलू सिंह राजपूत उम्र 45 वर्ष निवासी रामगोपालजी वार्ड हटा का होना बताया।
*तीन पैकेटों में मिला 2 किलो 988 ग्राम गांजा*
पुलिस ने हरेंद्र उर्फ पप्पू के कब्जे में रखी थैली की तलाशी ली, थैली में तीन खाकी रंग के पैकेट मिले, जिनमें कुल 2 किलो 988 ग्राम गांजा पाया गया। वहीं महिला लक्ष्मी रानी राजपूत के कब्जे से एक खाकी रंग का पैकेट बरामद हुआ, जिसमें 992 ग्राम गांजा मिला। इस प्रकार दोनों आरोपियों के कब्जे से कुल 3 किलो 980 ग्राम अवैध मादक पदार्थ गांजा बरामद किया गया।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के विरुद्ध अपराध क्रमांक 476/2026, धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया है। गिरफ्तार आरोपियों को पूछताछ के बाद विधिवत न्यायालय में पेश किया जा रहा है। पुलिस गांजा कहां से लाया गया था और इसके संबंध में अन्य लोगों की संलिप्तता है या नहीं, इस संबंध में भी जानकारी जुटा रही है।
*मुखबिर तंत्र को किया जा रहा मजबूत*
पुलिस अधिकारियों के निर्देशन में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी एवं बिक्री पर अंकुश लगाने के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है। इस कार्रवाई के माध्यम से पुलिस ने एक बार फिर अपने मुखबिर तंत्र को सक्रिय रखते हुए अवैध गतिविधियों पर नजर रखने का संदेश दिया है।
*इनकी रही महत्वपूर्ण भूमिका*
पूरी कार्रवाई में निरीक्षक सुधीर कुमार बेगी, उपनिरीक्षक सिलाप कुमार विनीत, प्रधान आरक्षक अनिल गौतम, प्रधान आरक्षक महेंद्र बाबू, प्रधान आरक्षक सूर्यकांत पांडे, प्रधान आरक्षक मोहन ठाकुर, आरक्षक पवन पटेल, आरक्षक सोनू कुर्मी, आरक्षक रामसिंह, आरक्षक भईलाल सहित सायबर सेल दमोह टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
