
जबलपुर। जीआरपी जबलपुर ने गांजा के अवैध विक्रय, लेन-देन और सप्लाई के मामले में लंबे समय से फरार चल रही महिला आरोपी को बरगढ़, उड़ीसा से गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार थाना जीआरपी जबलपुर में धारा 8/20 एवं 29 एनडीपीएस एक्ट के तहत दर्ज प्रकरण की विवेचना और गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ में लीजा रानी साहू (45), पति साजन साहू, निवासी बरगढ़, उड़ीसा की संलिप्तता सामने आई थी। आरोप है कि वह बरगढ़ से गांजा की सप्लाई करवा रही थी। प्रकरण दर्ज होने के बाद से फरार महिला की पुलिस लगातार तलाश कर रही थी। तकनीकी जानकारी और पतासाजी के आधार पर टीम ने बरगढ़ पहुंचकर उसे दस्तयाब कर विधिवत गिरफ्तार किया।
मोबाइल भी जब्त
पुलिस ने आरोपी महिला के कब्जे से करीब 15 हजार रुपए कीमत का मोबाइल फोन भी जब्त किया है। पूछताछ और अब तक मिले साक्ष्यों के आधार पर गांजा के अवैध कारोबार से जुड़े नेटवर्क के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी सामने आने की बात पुलिस ने कही है। कार्रवाई जीआरपी थाना प्रभारी उपनिरीक्षक संजिवनी राजपूत के नेतृत्व में उपनिरीक्षक जगन्नाथ सिंह सहित प्रधान आरक्षकों मनोज मिश्रा, सत्येन्द्र सिंह, अरुण तिवारी, रविकांत, परशुराम, सागर उपाध्याय तथा महिला आरक्षक वर्षा और मनीषा की टीम ने की।
