खंडवा: स्वर सम्राट एवं हरफनमौला कलाकार किशोर कुमार की जयंती के उपलक्ष्य में 2 से 4 अगस्त तक तीन दिवसीय ‘खण्डवा गौरव दिवस’ का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रमों की तैयारियों को लेकर शनिवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में समीक्षा बैठक आयोजित हुई, जिसमें प्रभारी कलेक्टर डॉ. नागार्जुन बी. गौड़ा ने सभी आयोजनों को गरिमापूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के निर्देश दिए।
आयोजन के पहले दिन 2 अगस्त को सुबह 8 बजे नगर निगम कार्यालय से केवलराम चौराहे तक मैराथन दौड़ होगी, जिसमें चेम्बर ऑफ कॉमर्स और सामाजिक संस्थाओं का सहयोग रहेगा। इसी दिन शाम को किशोर कुमार सभागार में ‘वॉइस ऑफ खंडवा’ गायन प्रतियोगिता का फाइनल आयोजित होगा।3 अगस्त को सुबह 7:30 बजे नगर निगम के सामने स्कूली एवं कॉलेज विद्यार्थियों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियां होंगी।
सुबह 11 से दोपहर 2 बजे तक पुरानी कृषि उपज मंडी परिसर में चित्रकला प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। शाम को नगर निगम और घंटाघर क्षेत्र में फूड फेस्टिवल तथा केवलराम चौराहे से घंटाघर तक बैंड पार्टियों की प्रस्तुति होगी। रात 8 बजे नगर निगम चौराहे पर किशोर कुमार के गीतों पर आधारित ऑर्केस्ट्रा कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
4 अगस्त को सुबह 9 बजे किशोर कुमार की समाधि पर पुष्पांजलि एवं स्वरांजलि कार्यक्रम होगा। शाम 7:30 बजे आयोजित ‘किशोर नाइट’ में प्रसिद्ध गायक पी. गणेश और प्रीति जोशी अपनी प्रस्तुतियां देंगे। इस अवसर पर पार्श्वगायक विनोद राठौर को गायन के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए 1 लाख रुपये एवं ताम्रपत्र सहित ‘किशोर सम्मान’ से सम्मानित किया जाएगा।
