
रतलाम। जिले से गुजर रहे दिल्ली-मुंबई 8 लेन एक्सप्रेस-वे पर बुधवार दोपहर एक अजीब नजारा देखने को मिला। बायो डीजल से भरा टैंकर पलटते ही सडक़ पर डीजल की धारा बह निकली। हादसे के कुछ ही मिनटों में आसपास के गांवों के लोग कैन, बाल्टी, कुप्पी और अन्य बर्तन लेकर मौके पर पहुंच गए और बह रहे डीजल को भरकर ले जाने की होड़ मच गई।
हादसा रावटी थाना क्षेत्र में माही नदी पुल पार करने के बाद भीमपुरा के समीप दोपहर करीब 12 बजे हुआ। गुजरात की ओर से रतलाम आ रहा टैंकर अचानक असंतुलित होकर पलट गया और कुछ दूरी तक घिसटता चला गया। टक्कर के कारण टैंकर का एक हिस्सा फट गया, जिससे उसमें भरा बायो डीजल सडक़ से बहते हुए किनारे के नाले में पहुंचने लगा।
डीजल बहने की सूचना फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। किसी ने छन्नी लगाकर तो किसी ने सीधे बर्तनों में डीजल भरना शुरू कर दिया। कुछ देर के लिए घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जमा हो गई और पूरा ध्यान बहते डीजल पर रहा, जबकि चालक टैंकर के भीतर ही फंसा हुआ था।
सूचना मिलने पर डायल-112 और रावटी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिसकर्मियों ने भीड़ को हटाकर क्षेत्र खाली कराया, जिसके बाद राहत कार्य शुरू हो सका। बाद में टैंकर को सीधा कराया गया। 8 लेन एक्सप्रेस-वे की एंबुलेंस टीम ने चालक हनुमान प्रसाद को केबिन से बाहर निकालकर प्राथमिक उपचार दिया और दोपहर करीब 2 बजे मेडिकल कॉलेज रतलाम में भर्ती कराया।
