जबलपुर: त्रिपुरी चौक से लेकर पंडा मढ़िया तक रविवार शाम को वाहनों का ऐसा लंबा जाम लगा कि वाहन चालक व राहगीर खुद ये कहते नजर आए कि अगर चौक पर एक भी पुलिस कर्मी तैनात होता तो यातायात व्यवस्थित हो जाता । ऐसे में सभी चालक अपनी मनमर्जी के हिसाब से वाहन सड़कों पर चलाते हुए आगे बढ़ते रहे, जिसका नतीजा लंबा जाम लग रहा है। जानकारी के अनुसार रविवार शाम को त्रिपुरी चौक से पंडा की मढ़िया तक की सड़क के बीच डेढ घंटे तक वाहनों का जाम लगा रहा।
गनीमत रही कि इस बीच कोई एंबुलेंस यहां से नहीं गुजरी नहीं तो उस मरीज की जान पर बन आती क्योंकि इतने लंबे जाम में एंबुलेंस के निकलने की जगह ही नहीं थी। जाम में फंसे शुभम साहू, लखन सहित अन्य ने नवभारत से कहा कि टै्फिक पुलिस सिर्फ चालान वसूलने में लिप्त है और जमीन पर रहकर उचित कार्य नहीं कर रही है। अगर एक भी पुलिस कर्मी त्रिपुरी चौक या पंडा की मढ़िया में तैनात होता तो शायद ये जाम न लगता। इस जाम में दो पहिया, तीन पहिया से लेकर चार पहिया वाहन फंसे रहे।
