
उज्जैन। गुरु पूर्णिमा पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने उज्जैन में धार्मिक, शैक्षणिक और सांस्कृतिक विकास की कई बड़ी सौगातें दीं। हेलीकॉप्टर से उज्जैन पहुंचने के बाद उन्होंने महर्षि सांदीपनि आश्रम में पूजन-अर्चन किया, संत रविदास महाराज की गुरु गादी पर नमन किया और नव निर्मित गीता भवन का लोकार्पण कर 580 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उज्जयिनी ज्ञान, विज्ञान और इतिहास की भूमि है। भगवान श्रीकृष्ण ने महर्षि सांदीपनि आश्रम में शिक्षा प्राप्त कर कर्मयोग का संदेश दुनिया को दिया। उन्होंने कहा कि शिक्षा, संस्कार और आधुनिक तकनीक के समन्वय से मध्य प्रदेश देश का अग्रणी राज्य बनेगा। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने प्रदेश के 500 शासकीय स्कूलों में एआई आधारित मिशन बुनियाद का शुभारंभ किया। स्कूल शिक्षा विभाग में चयनित नवनियुक्त प्राथमिक शिक्षकों को प्रतीकात्मक रूप से नियुक्ति पत्र वितरित किए तथा उत्कृष्ट परीक्षा परिणाम देने वाले प्राचार्यों, शिक्षकों और मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान किया। उन्होंने घोषणा की कि लगातार तीन वर्षों तक शत-प्रतिशत परीक्षा परिणाम देने वाले विद्यालयों के प्राचार्यों को एक लाख रुपये और संबंधित विद्यालय को पांच लाख रुपये का प्रोत्साहन दिया जाएगा।
गुरु गादी परिसर का होगा विकास
गुरु पूर्णिमा के अवसर पर मुख्यमंत्री वृंदावनपुरा स्थित संत रविदास महाराज की चरण पादुका एवं गुरु गादी भी पहुंचे। उन्होंने श्रद्धापूर्वक चादर अर्पित कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि की कामना की। मुख्यमंत्री ने कहा कि संत रविदास के इस पवित्र स्थल को भव्य और दिव्य स्वरूप दिया जाएगा तथा इसके विकास कार्य शीघ्र शुरू किए जाएंगे। उज्जैन भारतीय जनता युवा मोर्चा के नवनियुक्त अध्यक्ष नितिन सेन के नेतृत्व में उज्जैन उत्तर और दक्षिण में मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव का बड़े पैमाने पर स्वागत कार्यक्रम रखा गया। मुख्यमंत्री जैसे ही सांदीपनी आश्रम पहुंचे तो उससे पहले खाक चौक चौराहे पर मोर्चा के पदाधिकारी और कार्यकर्ताओं ने सीएम का जमकर स्वागत किया। इसके बाद जब उनका काफिला वी आय पी गेस्ट हाउस पहुंचा तो युवा मोर्चा की टीम ने गीता भवन तक सीएम का भाव बिना स्वागत किया।
