मऊगंज:पुलिस उप महानिरीक्षक हेमंत चौहान ने कलेक्टर संजय कुमार जैन एवं पुलिस अधीक्षक सुरेंद्र कुमार जैन के साथ जिले में निर्माणाधीन पुलिस अधोसंरचना परियोजनाओं का निरीक्षण कर कार्यों की प्रगति का जायजा लिया.इस दौरान उन्होंने निर्माणाधीन पुलिस अधीक्षक कार्यालय, पुलिस कंट्रोल रूम तथा पुलिस आवासीय परिसर का स्थल निरीक्षण करते हुए निर्माण एजेंसी को गुणवत्ता, सुरक्षा मानकों एवं निर्धारित समय-सीमा का पूर्ण पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए.
निरीक्षण के दौरान डीआईजी ने कहा कि पुलिस अधोसंरचना को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से किए जा रहे निर्माण कार्य भविष्य में पुलिस व्यवस्था को और अधिक प्रभावी एवं आधुनिक बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे. इसलिए निर्माण कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही अथवा गुणवत्ता से समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा. उन्होंने निर्माण एजेंसी को निर्देशित किया कि सभी कार्य निर्धारित तकनीकी मानकों के अनुरूप उच्च गुणवत्ता के साथ समय-सीमा में पूर्ण किए जाएं. कलेक्टर ने भी निर्माण कार्यों की प्रगति की जानकारी लेते हुए संबंधित अधिकारियों एवं कार्यदायी संस्था को आवश्यक निर्देश दिए.
उन्होंने कहा कि निर्माण कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग की जाए तथा निर्धारित समयावधि में सभी परियोजनाओं को पूर्ण करने के लिए समन्वित प्रयास किए जाएं. पुलिस अधीक्षक ने निर्माणाधीन भवनों की उपयोगिता तथा भविष्य की आवश्यकताओं के अनुरूप किए जा रहे कार्यों की जानकारी देते हुए कहा कि आधुनिक सुविधाओं से युक्त पुलिस कार्यालय एवं आवासीय परिसर पुलिस कर्मियों के बेहतर कार्य वातावरण एवं नागरिकों को प्रभावी पुलिस सेवाएं उपलब्ध कराने में सहायक सिद्ध होंगे.
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने निर्माणाधीन भवनों के विभिन्न भागों का अवलोकन कर निर्माण सामग्री की गुणवत्ता, कार्यों की प्रगति तथा उपलब्ध सुविधाओं का भी निरीक्षण किया और समय पर कार्य पूरा करने के भी निर्देश दिये गये. निरीक्षण के दौरान एसडीएम मऊगंज एपी द्विवेदी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शशिकांत सरयाम, सहित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे
