इंदौर: खजराना थाना क्षेत्र के तपेश्वरी बाग में युवती की जलने से हुई मौत के मामले का पुलिस ने 24 घंटे में खुलासा कर दिया. शादी से इनकार करने पर उसके दोस्त मयंक शाक्य ने युवती की गला दबाकर हत्या कर दी और बाद में शव जलाकर घटना को आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की. पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है.
रविवार 26 जुलाई को तपेश्वरी बाग में एक युवती के जले हुए शव मिलने की सूचना पर खजराना पुलिस मौके पर पहुंची थी.
शुरुआत में मामला संदिग्ध मौत का लग रहा था, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट और एफएसएल जांच में हत्या के संकेत मिले. इसके बाद पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और अन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच शुरू की. जांच में सामने आया कि युवती और मयंक शाक्य के बीच करीब पांच साल से दोस्ती थी. युवती द्वारा शादी से इनकार करने के बाद दोनों के बीच विवाद हुआ और इसी बात से नाराज होकर मयंक ने उसकी हत्या कर दी.
वारदात के बाद साक्ष्य मिटाने के लिए शव को जलाकर आत्महत्या की कहानी बनाने का प्रयास किया. पुलिस ने चीनोर रोड, गुप्ता पूरा डबरा, ग्वालियर के रहने वाले 35 वर्षीय मयंक शाक्य को गिरफ्तार कर लिया है. आरोपी इलेक्ट्रिशियन का काम करता है और स्नातक है. पुलिस उससे पूछताछ कर वारदात से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है.
एफएसएल और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर मामला हत्या का सामने आया था. सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की पहचान कर उसे गिरफ्तार किया है. आरोपी ने साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से घटना को आत्महत्या का रूप देने का प्रयास किया था.
अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त जोन 2, अमरेन्द्र सिंह
