तिरुवनंतपुरम के दूसरे मेडिकल कॉलेज में एमबीबीएस की 100 और सीटों को मंजूरी।

नयी दिल्ली/तिरुवनंतपुरम, 29 जुलाई (वार्ता) केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने अगले शैक्षणिक सत्र से केरल की राजधानी तिरुवनंतपुरम के दूसरे मेडिकल कॉलेज, के. करुणाकरण मेमोरियल सरकारी मेडिकल कॉलेज में 100 एमबीबीएस सीटों पर प्रवेश शुरू करने के लिए सैद्धांतिक मंजूरी दे दी है। यह जानकारी राज्य के स्वास्थ्य मंत्री के. मुरलीधरन ने बुधवार को दी। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जे.पी. नड्डा ने नयी दिल्ली में श्री मुरलीधरन के नेतृत्व वाले प्रतिनिधिमंडल के साथ बैठक के दौरान इस निर्णय की जानकारी दी।

श्री नड्डा ने इसे आपराधिक लापरवाही बताया कि लगभग 10 साल पहले कई करोड़ रुपये की लागत से अवसंरचना और अन्य सुविधाएं तैयार होने के बावजूद मेडिकल कॉलेज में एमबीबीएस की पढ़ाई शुरू नहीं की गई। श्री मुरलीधरन ने कहा कि अगर संस्थान में नामांकन पहले शुरू हो गए होते तो लगभग 1,100 छात्र पहले ही एमबीबीएस की पढ़ाई कर चुके होते। उन्होंने यह भी कहा कि केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री ने भरोसा दिलाया है कि केरल में एम्स खोलने पर विचार किया जाएगा।

श्री नड्डा ने राज्य सरकार से केरल में देश का पहला जेनेटिक इंस्टीट्यूट स्थापित करने का प्रस्ताव भेजने को कहा। उन्होंने सभी जिलों में ट्रॉमा केयर सेंटर स्थापित करने के लिए केंद्रीय सहायता का भी भरोसा दिलाया, जिसमें जिला अस्पताल मुख्य केंद्र के रूप में काम करेंगे। केंद्रीय मंत्री ने केंद्र सरकार की स्वास्थ्य बीमा योजना के तहत बीमा कवरेज की सीमा बढ़ाने की केरल की मांग को सैद्धांतिक मंज़ूरी भी दी। उन्होंने राज्य में तीन मानसिक स्वास्थ्य केंद्रों का उन्नयन करने और लड़कियों के लिए एचपीवी टीकाकरण के लिए केंद्रीय सहायता बढ़ाने में सहयोग का भरोसा दिलाया। राज्य के प्रतिनिधिमंडल ने श्री नड्डा को बताया कि राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तहत केरल के लिए आवंटित वित्त अपर्याप्त था। केंद्रीय मंत्री ने आश्वासन दिया कि संसाधन उपलब्ध होने पर वित्त सीमा बढ़ाई जा सकती है।

प्रतिनिधिमंडल ने उनका ध्यान गैर-संचारी रोगों की दवाओं, कैंसर की कुछ दवाओं और कुछ ऐसी जरूरी दवाओं की आवश्यकता की ओर भी दिलाया जो अभी देश में उपलब्ध नहीं हैं। श्री नड्डा ने भरोसा दिलाया कि ऐसी दवाएं उपलब्ध कराने के लिए ज़रूरी कदम उठाए जाएंगे। श्री मुरलीधरन ने कहा कि राज्य वायरोलॉजी संस्थान को दी जाने वाली केंद्रीय सहायता भी बढ़ाई जाएगी। श्री नड्डा ने केरल के स्वास्थ्य सेवा क्षेत्र की तारीफ़ की और स्वास्थय प्रणाली को मज़बूत करने के लिए राज्य की कोशिशों की सराहना की। श्री मुरलीधरन ने कहा कि केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री के साथ बैठक सौहार्दपूर्ण रही और श्री नड्डा ने केरल की मांगों के प्रति सकारात्मक रवैया अपनाया।

.....

Next Post

युवक ने की युवती की हत्या, शव जलाकर आत्महत्या का रूप देने की कोशिश

Wed Jul 29 , 2026
इंदौर: खजराना थाना क्षेत्र के तपेश्वरी बाग में युवती की जलने से हुई मौत के मामले का पुलिस ने 24 घंटे में खुलासा कर दिया. शादी से इनकार करने पर उसके दोस्त मयंक शाक्य ने युवती की गला दबाकर हत्या कर दी और बाद में शव जलाकर घटना को आत्महत्या […]

You May Like