इंदौर: नशे के खिलाफ जनजागरूकता अभियान में इंदौर ने नया कीर्तिमान बनाया है. नशे से दूरी है जरूरी 2.0 अभियान के तहत 1 लाख 75 हजार 451 लोगों ने एक साथ नशे से दूर रहने और समाज को जागरूक करने की ई शपथ लेकर विश्व रिकॉर्ड बनाया है. इस रिकॉर्ड ने पिछले साल इंदौर पुलिस द्वारा बनाए गए 85 हजार 3 लोगों के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया है.
ई शपथ कार्यक्रम का आयोजन पुलिस आयुक्त कार्यालय पलासिया से किया, जहां से ऑनलाइन माध्यम से शहर के स्कूल कॉलेजों, पुलिस इकाइयों, शैक्षणिक संस्थानों, सामाजिक संगठनों, कॉर्पोरेट संस्थानों और आम नागरिकों को जोड़ा गया. बड़ी संख्या में विद्यार्थियों, शिक्षकों, पुलिसकर्मियों और विभिन्न संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने ऑनलाइन जुड़कर इसमें सहभागिता की. कार्यक्रम में पुलिस आयुक्त संतोष कुमार सिंह ने प्रतिभागियों को नशे से दूर रहने और अपने परिवार व समाज को भी इसके दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करने की शपथ दिलाई.
बाक्स….
वर्ल्ड बुक ऑफ रिकॉर्ड्स लंदन के प्रतिनिधियों ने किया सत्यापन
इस दौरान पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे. पिछले वर्ष नशे से दूरी है जरूरी अभियान के पहले चरण में 85 हजार 3 लोगों ने ई शपथ लेकर विश्व रिकॉर्ड बनाया था. इस बार शहरवासियों की बड़ी भागीदारी से यह आंकड़ा दोगुना से अधिक हो गया. कार्यक्रम में वर्ल्ड बुक ऑफ रिकॉर्ड्स, लंदन की प्रतिनिधियों ने प्रतिभागियों की संख्या और प्रक्रिया का सत्यापन किया. सत्यापन के बाद इंदौर पुलिस कमिश्नरेट को नए रिकॉर्ड का एप्रिसिएशन सर्टिफिकेट प्रदान किया. औपचारिक प्रक्रिया पूरी होने के बाद रिकॉर्ड का आधिकारिक प्रमाण पत्र जारी किया जाएगा.
नशामुक्त समाज निर्माण के लिए एकजुट होकर आगे बढ़ रहा इंदौर
पुलिस आयुक्त संतोष कुमार सिंह ने कहा कि नशे के खिलाफ यह अभियान केवल पुलिस का प्रयास नहीं, बल्कि पूरे समाज की जिम्मेदारी है. बड़ी संख्या में नागरिकों का जुड़ना इस बात का प्रमाण है कि इंदौर नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए एकजुट होकर आगे बढ़ रहा है
