
रीवा। सडक़ निर्माण के लिए, पहले ज्ञापन की माला, फिर भोपाल की पदयात्रा, अब सडक़ पर लेट के दंडवत होकर युवक कलेक्ट्रेट कार्यालय पहुंचा है. अधूरे सडक़-पुल निर्माण का कार्य कराये जाने की गुहार लगाई.
मामला रीवा जिले के जवा तहसील क्षेत्र और सिरमौर विधानसभा अंतर्गत ग्राम गाढ़ा 138 का है. जहा का एक युवक लगातार सडक़ निर्माण की मांग को लेकर तरह-तरह से प्रदर्शन कर रहा है और शासन प्रशासन सहित मुख्यमंत्री तक अपनी गोहार लगा चुका है. लेकिन उसकी सुनवाई ना तो जिला स्तर पर हो रही ना ही संभाग स्तर पर और ना ही प्रदेश स्तर पर क्षेत्रीय विधायक भी पूरी तरह से अनदेखा करके बैठे हैं. इस पूरे मामले को लेकर जवा तहसील और सिरमौर विधानसभा क्षेत्र के गाढ़ा 138 गांव निवासी धनेश सोनकर आज सडक़ पर लेट कर दंडवत होते हुए कलेक्ट्रेट कार्यालय जनसुनवाई में एक बार फिर अपनी समस्या लेकर पहुंचा. धनेश सोनकर ने बताया कि उसके यहां वर्ष 2022 में एक करोड़ 11 लाख 15 हजार रुपए सडक़ निर्माण के लिए मंजूर हुए थे. जिसमें से आधी सडक़ का निर्माण किया गया जबकि आधी सडक़ छोड़ दी गई जिससे गांव में रहने वाले लोगों को बड़ी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है और बारिश के दिनों में ग्रामीण पूरी तरह से गांव के अंदर ही बंधक बन जाते है. आज जिस तरह से जमीन में लेट कर दंडवत होते हुए धनेश सोनकर अपनी मांग लेकर कलेक्ट्रेट में जनसुनवाई में पहुंचा तो लोगों के बीच चर्चा का बाजार गर्म हो गया कि आखिर क्यों इस युवक की समस्या शासन प्रशासन जनप्रतिनिधि नहीं सुन रहे हैं.
