पाकिस्तान की पासपोर्ट रैंकिंग में गिरावट, चौथा सबसे कमजोर पासपोर्ट

इस्लामाबाद, 28 जुलाई (वार्ता) पाकिस्तान का पासपोर्ट ‘हेनले पासपोर्ट इंडेक्स’ की नवीनतम रैंकिंग में एक पायदान नीचे खिसक कर 101वें स्थान पर आ गया है, जिससे यह दुनिया का चौथा सबसे कमजोर पासपोर्ट बन गया है और इसके नागरिकों के लिए बिना वीजा यात्रा की सुविधाएं लगातार कम हो रही हैं।

हेनले पासपोर्ट इंडेक्स 227 गंतव्यों में से अग्रिम वीजा प्राप्त किए बिना प्रवेश करने वाले गंतव्यों की संख्या के आधार पर 199 पासपोर्टों को रैंक प्रदान करता है। इसमें बिना वीजा प्रवेश या ‘वीजा-ऑन-अराइवल’ देने वाले देश शामिल हैं।

ताजा रैंकिंग के अनुसार, पाकिस्तानी पासपोर्टधारक अब बिना पूर्व वीजा के केवल 29 गंतव्यों की यात्रा कर सकते हैं, जो मई में 30 थी। इसी गिरावट के कारण देश की रैंकिंग 100वें स्थान से गिरकर 101वें स्थान पर आ गयी है।

इंडेक्स के अनुसार, जनवरी 2021 से पाकिस्तान लगातार दुनिया के सबसे कमजोर पासपोर्टों में शामिल रहा है। वर्तमान में केवल अफगानिस्तान, इराक और सीरिया ही पाकिस्तान से नीचे हैं, जबकि यमन 30 गंतव्यों में वीजा-मुक्त या वीजा-ऑन-अराइवल के साथ पाकिस्तान से एक स्थान आगे निकल गया है।

पाकिस्तानी नागरिकों को फिलहाल बारबाडोस, कुक आइलैंड्स, डोमिनिका, हैती, माइक्रोनेशिया, मोंटसेराट, रवांडा, सेंट विंसेंट एंड द ग्रेनेडाइंस, द गाम्बिया, त्रिनिदाद एंड टोबैगो और वानुआतु में बिना वीजा के प्रवेश की सुविधा मिलती है।

वहीं, बुरुंडी, कंबोडिया, कोमोरोस, जिबूती, गिनी-बिसाऊ, मेडागास्कर, मालदीव, मोजाम्बिक, नेपाल, नीयू, पलाउ, समोआ, सेनेगल, सिरिएरा लियोन, तिमोर-लेस्ते और तुवालु में ‘वीजा-ऑन-अराइवल’ की सुविधा उपलब्ध है। इसके अलावा केन्या, सेशेल्स और श्रीलंका के लिए इलेक्ट्रॉनिक ट्रैवल ऑथराइजेशन की सुविधा है।

रैंकिंग में यह ताजा गिरावट इस साल की शुरुआत में केप वर्डे, मोजाम्बिक और कतर द्वारा पाकिस्तानी यात्रियों के लिए वीजा-मुक्त या वीजा-ऑन-अराइवल की सुविधा वापस लिए जाने के बाद आयी है।

इससे पहले मार्च में पाकिस्तानी नागरिकों के पास 31 गंतव्यों में बिना पूर्व वीजा के पहुंच थी और देश 98वें स्थान पर था, जो मई में गिरकर 100वें स्थान पर आ गया था। फरवरी में गाम्बिया द्वारा वीजा-मुक्त प्रवेश बहाल किए जाने के बाद पाकिस्तान 32 गंतव्यों तक पहुंच के साथ 97वें स्थान पर था।

हालिया गिरावट के बावजूद पिछले एक दशक की तुलना में पाकिस्तान के पासपोर्ट की स्थिति में कुछ सुधार हुआ है। साल 2021 में यह 113वें स्थान पर था, जो बाद में सुधरकर 107वें स्थान पर आया। 2022 में यह 109वें स्थान पर रहा, जबकि 2023 और 2024 दोनों वर्षों में यह 100वें स्थान पर था।

 

 

Next Post

कालेज के संविदा कर्मचारियों को आउटसोर्सिंग में भेजने पर हाईकोर्ट की रोक

Tue Jul 28 , 2026
जबलपुर। हाईकोर्ट के जस्टिस विशाल धगट की एकलपीठ ने शासकीय कालेज के संविदा कर्मचारियों को आउट सोर्सिंग व्यवस्था में भेजे जाने की कार्रवाई पर अंतरिम राहत प्रदान की है। याचिकाकर्ताओं की ओर से अधिवक्ता प्रवीण वर्मा व डॉ. ज्योति वर्मा ने पक्ष रखा। कर्मचारियों का आरोप है कि उनकी नियुक्ति […]

You May Like