एलएंडटी की पहली तिमाही का मुनाफा 14 प्रतिशत बढ़कर 4,123 करोड़ पर

मुंबई, 28 जुलाई (वार्ता) निर्माण एवं अभियांत्रिकी क्षेत्र की प्रमुख कंपनी एलएंडटी को चालू वित्त वर्ष की पहली तिमाही में समेकित आधार पर 4,123 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ हुआ जो सालाना आधार पर 14 प्रतिशत ऊपर है।

एलएंडटी के निदेशकमंडल की बैठक के बाद मंगलवार को वित्तीय परिणामों की घोषणा की गयी। तिमाही के दौरान कंपनी का कुल राजस्व सात फीसदी बढ़कर 67,942 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। इस दौरान समूह को मिलने वाले ऑर्डरों में 14 प्रतिशत की वृद्धि हुई और यह 1.08 लाख करोड़ हो गयी।

कंपनी ने बताया कि आलोच्य तिमाही में अंतरराष्ट्रीय कारोबार से प्राप्त उसका राजस्व 34,393 करोड़ रुपये रहा। यह कुल राजस्व का 51 प्रतिशत है। इस दौरान प्राप्त ऑर्डरों में अंतरराष्ट्रीय कारोबार का योगदान 56 प्रतिशत (60,702 करोड़ रुपये) रहा।

एलएंडटी के चेयरमैन एवं प्रबंध निदेशक एस.एन. सुब्रमण्यम् ने परिणामों पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि भू-राजनैतिक अनिश्चितताओं की पृष्ठभूमि में चालू वित्त वर्ष की शुरुआत हुई है। कंपनी ने विभिन्न सेक्टरों और भौगोलिक क्षेत्रों पर अपना फोकस रखते हुए मजबूत नकदी प्रवाह के साथ गति बनाये रखी है।

कंपनी की प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया है कि भारतीय अर्थव्यवस्था ने मौजूदा वैश्विक माहौल में मजबूती दिखायी है। घरेलू मांग मजबूत बनी हुई है। कंपनी ने कहा है कि इन सबके बीच वह उत्पादकता बढ़ाने के लिए सेक्टर विशेष के अनुरूप प्रौद्योगिकी के विस्तार, एआई में निवेश और डिजिटल समाधान को अपनाना जारी रखेगी।

 

 

Next Post

मूंग खरीदी को लेकर राजधानी में किसानों का प्रदर्शन, पुलिस ने संभाला मोर्चा

Tue Jul 28 , 2026
भोपाल। राजधानी भोपाल में मूंग खरीदी, उचित समर्थन मूल्य और अन्य कृषि संबंधी मांगों को लेकर किसानों ने बड़ा प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान कई किसान बैरिकेडिंग पार कर मुख्यमंत्री निवास की ओर बढ़े, जिससे होशंगाबाद रोड पर लंबा जाम लग गया। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए भारी पुलिस […]

You May Like