उत्तर प्रदेश में झमाझम बारिश का सिलसिला तीन दिनो तक जारी रहने के आसार

लखनऊ, 29 जुलाई (वार्ता) उत्तर प्रदेश में मानसून की सक्रियता के चलते झमाझम बारिश का दौर जारी है। मौसम विभाग के अनुसार उत्तरी-पश्चिमी बंगाल की खाड़ी पर बने गहन अवदाब, दक्षिण-पश्चिमी उत्तर प्रदेश पर सक्रिय चक्रवाती परिसंचरण तथा मानसूनी द्रोणी के संयुक्त प्रभाव से प्रदेश में आगामी तीन दिनों तक व्यापक वर्षा होने की संभावना है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में कहीं-कहीं बहुत भारी तथा प्रदेश के अनेक हिस्सों में भारी वर्षा होने का पूर्वानुमान व्यक्त किया गया है।

मौसम विभाग के अनुसार मंगलवार सुबह 8:30 बजे उत्तरी आंतरिक ओडिशा एवं उससे सटे गांगेय पश्चिम बंगाल के ऊपर गहन अवदाब सक्रिय रहा, जिसके अगले 24 घंटों के दौरान उत्तर-पश्चिम दिशा में बढ़ते हुए उत्तरी ओडिशा, दक्षिण झारखंड और उत्तरी छत्तीसगढ़ की ओर अग्रसर होने की संभावना है। इसके प्रभाव से उत्तर प्रदेश में मानसूनी गतिविधियां तेज हो गई हैं।

विभाग के अनुसार 28 जुलाई तक प्रदेश में सामान्य से कम वर्षा दर्ज की गई है। पूर्वी उत्तर प्रदेश में 246.9 मिमी वर्षा हुई, जो सामान्य 360.6 मिमी की तुलना में 32 प्रतिशत कम है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 254.9 मिमी वर्षा दर्ज की गई, जो सामान्य 295.5 मिमी से 14 प्रतिशत कम है। पूरे प्रदेश में अब तक 250.2 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई है, जबकि सामान्य वर्षा 333.5 मिमी है। इस प्रकार प्रदेश में मौसमी वर्षा सामान्य से 25 प्रतिशत कम बनी हुई है।

पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में हल्की से मध्यम वर्षा के साथ कुछ स्थानों पर अच्छी बारिश दर्ज की गई। सबसे अधिक 65.4 मिमी वर्षा लखीमपुर खीरी के निघासन में रिकॉर्ड की गई। इसके अलावा श्रावस्ती के काकरधरिघाट में 60.6 मिमी, कन्नौज में 57.2 मिमी, चित्रकूट के मानिकपुर में 52 मिमी, हरदोई वेधशाला में 42 मिमी, सोनभद्र के दुद्धी में 39 मिमी, हरदोई तहसील में 36.3 मिमी, कन्नौज के छिबरामऊ में 35 मिमी, सोनभद्र के चुर्क में 32.6 मिमी, अंबेडकरनगर के जलालपुर में 31 मिमी तथा बहराइच में 30.2 मिमी वर्षा दर्ज की गई।

इसी अवधि में कानपुर नगर में 27.4 मिमी, लखीमपुर खीरी में 26 मिमी, आजमगढ़ के फूलपुर में 25 मिमी, बहराइच के कैसरगंज में 21 मिमी, हरदोई के संडीला में 20 मिमी, पलियाकलां में 18.4 मिमी, कन्नौज के तिर्वा में 17 मिमी, बाराबंकी के फतेहपुर में 14 मिमी तथा अमेठी एवं मोहम्मदी (खीरी) में 12-12 मिमी वर्षा दर्ज की गई। इसके अतिरिक्त प्रतापगढ़, रायबरेली, प्रयागराज, कानपुर देहात, सिद्धार्थनगर, सीतापुर, कौशांबी, गोरखपुर, फर्रुखाबाद, लखनऊ और बस्ती सहित अनेक जनपदों में भी वर्षा हुई।

मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि आगामी तीन दिनों के दौरान प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में गरज-चमक के साथ वर्षा तथा कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी वर्षा हो सकती है। विशेष रूप से पश्चिमी उत्तर प्रदेश के जिलों में जलभराव, निचले क्षेत्रों में पानी भरने तथा छोटी नदियों और बरसाती नालों के जलस्तर में वृद्धि की संभावना है।

विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने, बिजली चमकने के समय खुले स्थानों, पेड़ों तथा बिजली के खंभों से दूर रहने तथा किसानों को मौसम की स्थिति को देखते हुए कृषि कार्य करने की सलाह दी है। जिला प्रशासनों को भी संवेदनशील क्षेत्रों में सतर्कता बरतने तथा आवश्यक एहतियाती व्यवस्थाएं बनाए रखने को कहा गया है।

 

 

Next Post

बुडिग्ना और इमाम अली एस13 50मी फ्रीस्टाइल फ़ाइनल में पहुंचे

Tue Jul 28 , 2026
ग्लासगो, 28 जुलाई (वार्ता) रवि वीरा वेंकट भवानी कार्तिक बुडिग्ना और इमाम अली ने राष्ट्रमंडल खेलों की पैरा तैराकी में क्रमशः 26.33 सेकंड और 28.41 सेकंड का समय लेकर पुरुषों के एस13 50मी फ्रीस्टाइल फ़ाइनल के लिए क्वालिफ़ाई किया। बुडिग्ना कुल मिलाकर छठे स्थान पर रहे, जबकि इमाम अली आठवें […]

You May Like