इंदौर: सोमवार को नगर निगम के दो सफाईकर्मी की ड्रेनेज सफाई के दौरान जहरीली गैस से मौत होने की चर्चा है. घटना शाम 6.30 बजे चोइथराम मंडी गेट की बताई जा रही है. दो कर्मी टैंकर के पाइप कैक्टुल्डा लाइन में रह जाने के कारण चेंबर में उतरे थे. बताया जा रहा है कि सफाईकर्मी को बचाने कुछ लोग भी उतरे थे, लेकिन उनको बचा लिया गया.आज शाम नगर निगम के दो सफाईकर्मी ड्रेनेज सफाई के लिए सक्शन टैंकर लेकर चोइथराम मंडी गेट पर गए थे. ड्रेनेज की सफाई में सक्शन टैंकर का पाइप निकाला गया, तो पाइप का एक टुकड़ा सीवर टैंक में गिर गया था. उसी टुकड़े को निकालने के लिए नगर निगम के दो सफाई कर्मचारी टैंक के अंदर उतरे थे. टैंक में मौजूद जहरीली गैस के कारण दम घुटने से उनकी मौत होने की आशंका जताई जा रही है.मृतकों सफाईकर्मियों की पहचान करण और अजय के रूप में हुई है। दोनों नगर निगम के सफाई कर्मचारी बताए जा रहे हैं.
अन्य सफाईकर्मी को बचाया
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुँच गई. इस दौरान एक अन्य सफाई कर्मचारी और एक स्थानीय नागरिक भी उन्हें बचाने के लिए टैंक में उतरे थे, जिन्हें सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है. फिलहाल पुलिस द्वारा रेस्क्यू और आगे की कार्रवाई की जा रही है. उक्त मामले में ड्रेनेज प्रभारी अपर आयुक्त आशीष कुमार पाठक को कॉल किया, लेकिन उन्होंने शायद घटना को लेकर व्यस्त होने के चलते कॉल रिसीव नहीं किया.
महापौर ने जताया शोक, दिए जांच के आदेश
महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने शोक जताते हुए कहा कि नगर निगम के आउटसोर्स कर्मचारी करण यादव एवं अजय डोडिया के असामयिक निधन से अत्यंत दुःख दुखद है. ईश्वर दिवंगत आत्माओं को अपने श्रीचरणों में स्थान दें एवं शोकसंतप्त परिजनों को इस अपार दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करें. घटना पर महापौर पुष्यमित्र ने कहा कि पूरा नगर निगम परिवार दुख की घड़ी में दिवंगतो के परिजनों के साथ है महापौर द्वारा इस घटना के जांच के आदेश दिए हैं जांच में जो भी तथ्य आएंगे उस आधार पर कार्रवाही की जाएगी
