नई दिल्ली: REC Limited ने संशोधित वितरण क्षेत्र योजना (आरडीएसएस) के तहत उपयोग होने वाली सामग्रियों की गुणवत्ता जांच और आश्वासन प्रणाली को मजबूत बनाने के उद्देश्य से Electrical Research and Development Association के साथ समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए हैं। आरईसी लिमिटेड भारत सरकार के विद्युत मंत्रालय के अधीन एक महारत्न सीपीएसई है।
यह समझौता बुधवार को नई दिल्ली स्थित स्कोप कॉम्प्लेक्स में आरईसी लिमिटेड के कार्यकारी निदेशक (आरडीएसएस) प्रभात कुमार सिंह और ईआरडीए नॉर्थ के प्रमुख बृजेश सचदेवा द्वारा हस्ताक्षरित किया गया। इस अवसर पर आरईसी लिमिटेड के कार्यकारी निदेशक (पीएमडी) प्रिंस धवन (आईएएस) सहित दोनों संस्थाओं के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
एमओयू के तहत दोनों संस्थाएं आरडीएसएस परियोजनाओं में उपयोग होने वाली सामग्रियों की थर्ड पार्टी गुणवत्ता जांच, तकनीकी सहयोग, क्षमता निर्माण कार्यक्रमों तथा मजबूत गुणवत्ता आश्वासन ढांचे के विकास पर मिलकर कार्य करेंगी। इस पहल का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि आरडीएसएस कार्यों में प्रयुक्त सामग्री निर्धारित मानकों के अनुरूप हो और देशभर में विद्युत वितरण नेटवर्क की परिचालन विश्वसनीयता एवं दक्षता को बेहतर बनाया जा सके।
यह साझेदारी गुणवत्तापूर्ण बुनियादी ढांचे के विकास और आरडीएसएस के तहत बिजली क्षेत्र में सुधारों के प्रभावी क्रियान्वयन के प्रति आरईसी लिमिटेड की प्रतिबद्धता को और मजबूत करती है।
