ग्वालियर: हजीरा थाना इलाके में दोस्ती की आड़ में एक कॉलेज छात्रा से दुष्कर्म और उसे आत्महत्या के लिये मजबूर करने का मामला सामने आया है। यह आरोप है कि युवक ने शादी का झांसा देकर लगभग एक साल तक युवती का शारीरिक शोषण किया और बाद में शादी से मना कर अश्लील फोटो-वीडियो वायरल करने और जान से मारने की धमकी दी है। मानसिक प्रताड़ना से परेशान होकर छात्रा ने अपनी कलाई की नसें काट ली। फांसी लगाने का प्रयास किया, समय रहते मां ने उसे बचा लिया। रविवार को पुलिस ने आरोपी को खिलाफ एफआईआर दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
हजीरा थाना इलाके की रहने वाली 22 वर्षीय एक कॉलेज में बीकॉम की छात्रा है। लगभग एक वर्ष पहले उसकी पहचान महापुरापुरा के कृष्णाबिहार कॉलोनी निवासी रवि राठौर से हुई थी। दोनों के बीच दोस्ती हुई। पीडि़ता का आरोप है कि 20 दिसम्बर 2025 की रात उसके घर पहुंचा। उस वक्त वह घर में अकेली थी। आरोपी ने शादी का विश्वास देकर उसके साथ दुष्कर्म किया, इसके बाद भी लगातार उसका शारीरिक शोषण करता रहा।
पीड़िता के अनुसार जब उसने शादी के लिए दबाव बनाया तो आरोपी अपने वादे से मुकर गया। विरोध करने पर उसने जान से मारने और अश्लील फोटो-वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर बदनाम करने की धमकी दी। इसके बाद छात्रा ने उससे बातचीत बंद कर दी।आरोप है कि कॉलेज से परीक्षा देकर लौटते समय भी आरोपी ने उसका रास्ता रोककर दोबारा धमकाया, जिससे वह लगातार मानसिक तनाव में रहने लगी।
19 जुलाई की शाम छात्रा ने घर के बाथरूम में ब्लेड से दोनों हाथों की कलाइयां काट लीं। इसके बाद उसने फांसी लगाने का प्रयास किया। इसी दौरान उसकी मां की नजर उस पर पड़ गई। मां ने तुरंत उसे फंदे से उतारकर बचाया और परिजन उसे जयारोग्य अस्पताल (जेएएच) के ट्रॉमा सेंटर ले गए, जहां उसका उपचार किया गया। अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद छात्रा ने परिजनों को पूरी घटना बताई। इसके बाद परिवार उसे लेकर हजीरा थाने पहुंचा और शिकायत दर्ज कराई।
