सतना: शहर के प्रतिष्ठित होटल प्रियनिवास में बुधवार को दो दिवसीय ‘साझा (Saaझा) एग्जीबिशन 2026’ का भव्य शुभारंभ मध्यप्रदेश शासन की राज्य मंत्री प्रतिमा बागरी के मुख्य आतिथ्य में हुआ।29 एवं 30 जुलाई तक आयोजित इस प्रदर्शनी में कला, फैशन, हस्तशिल्प, पारंपरिक शिल्पकला और आधुनिक रचनात्मकता का अनूठा संगम देखने को मिल रहा है। प्रदर्शनी प्रतिदिन सुबह 11 बजे से रात्रि 8 बजे तक आमजन के लिए खुली रहेगी, जहां शहरवासियों को एक ही छत के नीचे देशी हस्तशिल्प, आकर्षक परिधान, आधुनिक डिजाइनों से सुसज्जित उत्पादों तथा पारंपरिक कला की विविध श्रृंखलाओं का अवलोकन एवं खरीदारी का अवसर प्राप्त हो रहा है।
उद्घाटन अवसर पर राज्य मंत्री प्रतिमा बागरी ने कहा* कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के ‘वोकल फॉर लोकल’ एवं ‘आत्मनिर्भर भारत’ के संकल्प को ऐसे आयोजन नई ऊर्जा प्रदान करते हैं। उन्होंने कहा कि स्थानीय कारीगरों और महिला उद्यमियों द्वारा तैयार किए गए स्वदेशी उत्पादों को व्यापक पहचान दिलाना समय की आवश्यकता है। इससे न केवल रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे, बल्कि महिलाओं की आर्थिक आत्मनिर्भरता भी मजबूत होगी। उन्होंने सभी नागरिकों से स्वदेशी उत्पादों को अपनाकर स्थानीय प्रतिभाओं का उत्साहवर्धन करने का आह्वान किया।
इस अवसर पर महिला थाना सतना की निरीक्षक श्वेता मौर्य ने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और आत्मनिर्भरता एक सशक्त समाज की आधारशिला है। उन्होंने महिला उद्यमियों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन महिलाओं को आत्मविश्वास, पहचान और आर्थिक सशक्तिकरण का बेहतर मंच प्रदान करते हैं।
समारोह में शासकीय मेडिकल कॉलेज की स्त्री रोग विशेषज्ञ एवं सहायक प्राध्यापक डॉ. आकृति गुप्ता, विंध्य ग्रुप की सीएसआर प्रमुख श्रुति सेनानी तथा उपकार हम हैं सोसायटी की सोनिया जॉली विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। कार्यक्रम का प्रभावी संचालन निशी गुप्ता ने किया, जबकि आयोजन डॉ. संगीता गुप्ता, निशा गुप्ता एवं नयनी गुप्ता के नेतृत्व में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
प्रदर्शनी में हस्तनिर्मित कलाकृतियां, ट्रेंडी परिधान, फैशन एक्सेसरीज़, सिरेमिक पॉट्स, होम डेकोर आइटम, क्रिएटिव आर्ट, लाइफस्टाइल उत्पाद, महिलाओं एवं बच्चों से जुड़े आकर्षक उत्पाद सहित अनेक विशेष वस्तुएं प्रदर्शित की गई हैं। आयोजकों ने बताया कि प्रदर्शनी का उद्देश्य स्थानीय कलाकारों, महिला उद्यमियों, कारीगरों और हस्तशिल्प से जुड़े प्रतिभागियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने तथा अपने उत्पादों के विपणन के लिए प्रभावी मंच उपलब्ध कराना है।
राष्ट्रीय हथकरघा दिवस पर होगा विशेष आयोजन
राष्ट्रीय हथकरघा दिवस के उपलक्ष्य में “परंपरा के धागों को जोड़ते हुए आत्मनिर्भर भारत की ओर एक कदम” विषय पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। लिनेश क्लब की अध्यक्ष प्रियंका मिश्रा एवं पूजा गुप्ता ने बताया कि कार्यक्रम में हथकरघा, हस्तशिल्प और स्वदेशी उत्पादों के महत्व पर विचार-विमर्श होगा तथा स्थानीय कारीगरों एवं महिला उद्यमियों के योगदान का सम्मान किया जाएगा।
